लुधियाना में रौंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, खुले मैनहोल में गिरी बच्ची...वायरल हो रहा वीडियो
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 05:21 PM (IST)
लुधियाना (हितेश/राज): ताजपुर रोड इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहां सड़क पर हुए जलभराव के कारण एक खुला गटर साक्षात यमदूत बनकर राहगीरों का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अपनी मां के साथ स्कूटी पर जा रही एक मासूम बच्ची पलक झपकते ही स्कूटी समेत गहरे गटर में समा गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि चीख-पुकार मचते ही वहां मौजूद राहगीर देवदूत बनकर दौड़े और समय रहते बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया।
लुधियाना में सीवर के मैनहोल के ढक्कन गायब होने की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। ऐसा ही तीसरा मामला नगर निगम लुधियाना के ज़ोन-B के इलाके में सामने आया है। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी और ताजपुर रोड के पास खुले मैनहोल में गिर गई। महिला ने बड़ी मुश्किल से अपने बच्चे को बाहर निकाला।
इससे पहले नगर निगम ने सीवर साफ करने के लिए टिब्बा रोड के पास मैनहोल के ढक्कन खोले थे, तो एक बच्चा उसमें गिर गया था। फिर कुछ दिन पहले ट्रांसपोर्ट नगर के पास बच्चे खेल रहे थे, तभी सीवर का ढक्कन खुला होने की वजह से एक बच्चा गिर गया, जिसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया था। इस तरह नगर निगम लुधियाना ज़ोन-B के इलाके में सीवर के खुले मैनहोल के ढक्कन की वजह से बच्चे के गिरने की तीसरी घटना सामने आई है। इससे यह भी साफ हो गया है कि नगर निगम स्टाफ से सिर्फ कागजी सर्टिफिकेट लेता है कि सीवरेज के मैनहोल के ढक्कन बंद किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर हालात बिल्कुल उलट हैं, जो लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। यह ताजपुर रोड पर डेयरियों का इलाका बताया जा रहा है, जिसमें गोबर जमा होने से पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर आ गया।
इस बारे में नगर निगम के SDO बलजिंदर सिंह ने सीवरेज बोर्ड के सारे नियम तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि पानी का एक चैनल खुला था, जहां से डेयरियों का पानी ETP में जाता है, यह ETP प्लांट सीवरेज बोर्ड ने बनाया था। फिलहाल नगर निगम इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। BJP के केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर सरकार पर हमला बोला है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

