लुधियाना में खौफनाक सड़क हादसा: अंधेरे में खड़े ट्राले ने ली टाटा-1109 चालक की जान, उड़ गए परखच्चे
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 09:07 AM (IST)
लुधियाना(राज): दुग्गरी फ्लाईओवर के पास देर रात एक बेहद ही दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां सड़क किनारे बिना किसी लाइट या रिफ्लेक्टर के लापरवाही से खड़े एक गुजरात नंबर के मौत के सौदागर (ट्राले) ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। रफ्तार के इस कहर में एक टाटा-1109 गाड़ी बेकाबू होकर ट्राले के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
काल बनकर खड़ा था अज्ञात ट्राला
इस खौफनाक मंजर को जिसने भी देखा, उसका दिल दहल गया। सूचना मिलते ही थाना दुगरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में राजपुरा की तहसील के गांव घग्गरसराय के रहने वाले शिकायतकर्ता रविंदर सिंह ने बताया कि उसका 34 वर्षीय भाई गुरजंत सिंह अपनी टाटा-1109 गाड़ी पर सवार होकर सेक्टर-32 अस्पताल वाले रास्ते से लोड लेने के लिए फिरोजपुर की तरफ जा रहा था। उसे क्या पता था कि आगे मौत उसका इंतजार कर रही है। जैसे ही गुरजंत अपनी गाड़ी लेकर गिल नहर रोड स्थित फ्लाईओवर से नीचे उतरने लगा, तो आगे डिवाइडर के पास एक अज्ञात ट्राला काल बनकर खड़ा था। शिकायतकर्ता रविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि ट्राले के अज्ञात चालक ने अपनी गाड़ी को बेहद लापरवाही से सड़क के बीचों-बीच खड़ा किया हुआ था। रात के घने अंधेरे में सुरक्षा के लिहाज से न तो ट्राले के पीछे कोई रिफ्लेक्टर लगा था और न ही उसकी कोई पार्किंग लाइट या इंडिकेटर चालू था।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
अंधेरा होने के कारण गुरजंत सिंह को सड़क पर खड़ा यह ट्राला दिखाई नहीं दिया और उसकी गाड़ी सीधे ट्राले के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि गुरजंत की मौके पर ही सांसें थम गईं और गाड़ी पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक (ASI) दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त टाटा-1109 गाड़ी और गुजरात नंबर के ट्राले को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने फरार ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई ने बताया कि आरोपी चालक को दबोचने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है और बहुत जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

