मनी लॉन्ड्रिंग मामला: मंत्री अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद रडार पर GMADA
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 02:47 PM (IST)
पंजाब डेस्क : कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। ईडी ने पंजाब में मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच को और तेज किया है। अब ईडी की जांच ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) तक पहुंच गई है। एजेंसी ने साल 2019 के बाद मंजूर किए गए कई रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़े कागजात मांगे हैं। इनमें चेंज ऑफ लैंड यूज से संबंधित मंजूरी, सरकारी फीस और पैसों के लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड शामिल है।
सूत्रों के अनुसार ईडी यह देख रही है कि कहीं प्रोजेक्ट पास करते समय नियमों की अनदेखी तो नहीं की गई और क्या सरकारी पैसे सही तरीके से जमा करवाए गए थे या नहीं। जांच के दौरान डेराबस्सी इलाके के एक बड़े हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़े दस्तावेजों को खास तौर पर खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही GMADA के अकाउंट्स और टाउन प्लानिंग विभाग के अधिकारियों से भी रिकॉर्ड मांगा गया है।
इस मामले में रियल एस्टेट ग्रुप के दो प्रमोटर पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं और वे न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद उनके करीबी लोगों और कारोबारी संपर्कों पर भी नजर रखी जा रही है। एजेंसी यह जानना चाहती है कि कहीं पैसों के गलत इस्तेमाल या सरकारी बकायों को छुपाने की कोशिश तो नहीं हुई। ईडी का कहना है कि जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

