युवा तैराकों के लिए Good News! 17-18 जुलाई को होगी पंजाब सब-जूनियर स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 12:25 PM (IST)
फिरोजपुर: जिला स्विमिंग एसोसिएशन, फिरोजपुर द्वारा पंजाब स्विमिंग एसोसिएशन के मार्गदर्शन में 37वीं पंजाब सब-जूनियर स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 17 और 18 जुलाई को किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली पब्लिक स्कूल, फिरोजपुर के स्विमिंग पूल में होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 जुलाई की दोपहर से होगा।
पंजाब स्विमिंग एसोसिएशन के मानद महासचिव अनुज शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में पंजाब के विभिन्न जिलों से करीब 140 लड़के और 60 लड़कियां हिस्सा लेंगी। इसमें वर्ष 2012-13 और 2014-15 में जन्मे खिलाड़ियों को दो आयु वर्गों में शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान 42 व्यक्तिगत स्पर्धाओं और 8 रिले स्पर्धाओं का आयोजन होगा, जिनमें कुल 74 स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के लिए मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के संचालन के लिए 30 योग्य तकनीकी अधिकारी तैनात रहेंगे।
पंजाब स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एस. सुरजीत सिंह के अनुसार, इस दो दिवसीय चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर पंजाब की सब-जूनियर बालक एवं बालिका स्विमिंग टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 6 से 9 अगस्त 2026 तक जयपुर (राजस्थान) में आयोजित होने वाली 42वीं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे।

