पंजाब में कल बंद रहेंगी सरकारी बसें, जानें क्यों...

punjabkesari.in Friday, Feb 02, 2024 - 04:22 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब में सरकारी बसों में सफर करने वाले लोगों को कल काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि पी.आर.टी.सी. चंडीगढ़ डिपो के कच्चे कर्मचारियों द्वारा हड़ताल का ऐलान किया  गया है। साथ ही पी.आर.टी.सी. का चंडीगढ़ डिपो बंद कर दिया गया है, जिससे सुबह से बसें भी बंद हैं।

कच्चे कर्मचारियों का कहना है कि हम 15 दिन पहले मैनेजमेंट को नोटिस देकर अपनी मांगें बता चुके है, लेकिन अभी तक कमेटी की ओर से हमसे कोई चर्चा नहीं की गई है। कच्चे कर्मचारियों का कहना है कि चंडीगढ़ डिपो के जनरल मैनेजर द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।  पी.आर.टी.सी., पनबस के कर्मचारी नेता सहजपाल सिंह द्वारा ऐलान किया गया है कि अगर मैनेजमेंट द्वारा हमारी मांगें नहीं मानीं तो हम कल पटियाला के साथ-साथ पंजाब के अन्य डिपो में भी बसों का चक्का जाम करेंगे।

कर्मचारियों का कहना है कि किलोमीटर वाली बसों के ड्राईवरों द्वारा कंडक्टरों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है, जबकि जनरल मैनेजर द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कर्मचारियों ने यह भी ऐलान किया कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो कल जनरल मैनेजर के आवास का घेराव किया जाएगा। बता दें कि पंजाब रोडवेज और पी.आर.टी.सी. की बसों में 52 से ज्यादा सवारियां न बैठाने के फैसले से लोग पहले से ही परेशान हैं। अब कर्मचारियों के इस फैसले से काम पर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News