रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, लुधियाना से इन रूटों पर मिलेगी सीधी रेल सेवा
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 03:58 PM (IST)
फिरोजपुर (कुमार, परमजीत, मलहोत्रा) : यात्रियों की सुविधा एवं रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेलवे ने लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन को जींद तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। इस विस्तार के बाद अब लुधियाना से जींद के बीच यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और जींद जाने के लिए जाखल में ट्रेन बदलने की जरुरत नहीं होगी। ट्रेन संख्या 54054 का परिचालन 11 सितम्बर 2026 से लुधियाना से जींद तक किया जाएगा।
जानकारी देते हुए बसंत कुमार वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे फिरोजपुर ने बताया कि यह ट्रेन लुधियाना से शाम 18:30 बजे रवाना होकर रात्रि 23:30 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 54053 का परिचालन 12 सितम्बर 2026 से जींद से लुधियाना तक किया जाएगा। यह ट्रेन जींद से सुबह 3:40 बजे रवाना होकर सुबह 8:30 बजे लुधियाना जंक्शन पहुंचेगी। लुधियाना और जाखल के बीच इन दोनों ट्रेनों की मौजूदा समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जाखल से जींद के बीच विस्तारित मार्ग पर ट्रेन का ठहराव हिम्मतपुरा, टोहाना, कलवान, धमतान साहिब, धरोदी, नरवाना, घासो, उचाना, गांव बड़ौदा तथा बरसोला स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में होगा।
उन्होंने बताया कि इस विस्तारित सेवा से लुधियाना और जींद के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मध्यवर्ती स्टेशनों के बीच बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होने से क्षेत्र के विभिन्न शहरों एवं कस्बों के बीच यात्री कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा करने से पहले ट्रेन के नवीनतम समय-सारिणी एवं ठहराव संबंधी जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 से अवश्य प्राप्त कर लें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

