जिमखाना क्लब चुनाव की तारीख को लेकर अभी भी सस्पैंस बरकरार, पढ़ें नया Update
punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 11:37 AM (IST)
जालंधर(खुराना): जिमखाना क्लब के प्रस्तावित चुनाव 23 अगस्त को होने को लेकर अब सस्पैंस की स्थिति बन गई है। मौजूदा चुनावी प्रक्रिया को देखते हुए 23 अगस्त तक मतदान करवाना प्रशासन के लिए मुश्किल नजर आ रहा है। ऐसे में चुनाव की तारीख करीब एक सप्ताह आगे बढ़ाकर 30 अगस्त किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
क्लब की वार्षिक आम सभा में डिविजनल कमिश्नर एवं क्लब प्रधान रामवीर सिंह ने 23 अगस्त को चुनाव करवाने की घोषणा की थी। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई, लेकिन अभी तक आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। फिलहाल चुनावी प्रक्रिया का सबसे अहम चरण वोटर लिस्ट तैयार करने का चल रहा है। शुक्रवार रात जारी की गई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 4,683 सदस्यों के नाम शामिल हैं। सूची में 2,000 से अधिक सदस्यों के नाम के आगे क्लब का बकाया लाल रंग में दर्शाया गया है। वोट देने के अधिकार के लिए सदस्यों को 13 अगस्त तक अपना बकाया जमा करवाने का समय दिया गया है।
ड्राफ्ट वोटर सूची जारी होने के बाद सदस्यों को अपने नाम और बकाया संबंधी जानकारी जांचने का अवसर मिला है। किसी नाम को लेकर आपत्ति होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे दर्ज करवाया जा सकेगा। इसके बाद आपत्तियों का निपटारा कर अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी। अंतिम सूची के बाद भी चुनाव प्रक्रिया में नामांकन दाखिल करने, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापस लेने और चुनाव प्रचार जैसी अन्य औपचारिकताओं के लिए समय देना होगा। जरूरत पड़ने पर अपील की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी। ऐसे में 23 अगस्त तक इन सभी चरणों को पूरा करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। क्लब से जुड़े लोगों का कहना है कि चुनाव को जल्दबाजी में करवाने की बजाय प्रत्येक प्रक्रिया को नियमों के अनुसार पूरा करना जरूरी है, ताकि बाद में चुनाव की पारदर्शिता अथवा निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे। इसी वजह से 30 अगस्त को मतदान करवाए जाने की संभावना बढ़ गई है।
सैकड़ों सदस्यों ने जमा करवाए बकाया पैसे
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में क्लब सदस्य अपना बकाया जमा करवाने के लिए क्लब पहुंचे। बताया जा रहा है कि क्लब स्टाफ ने कई सदस्यों के कैश कार्ड में उपलब्ध राशि को उनके क्लब अकाउंट में ट्रांसफर किया, जिसके बाद उनका बकाया क्लियर माना जा रहा है और डिफॉल्टर सूची से उनके नाम हटाए जा रहे हैं।
जिमखाना की मेंबरशिप 15 लाख की, 10 पैसे के देनदार डिफॉल्टर
जिमखाना क्लब की ड्राफ्ट वोटर सूची में महज 10 पैसे बकाया वाले कई सदस्यों का नाम शामिल किए जाने से कई क्लब सदस्यों में रोष है। सदस्यों का कहना है कि इतनी मामूली राशि के लिए किसी सदस्य को डिफॉल्टर या बकायेदार की श्रेणी में रखना और उसके वोटिंग राइट पर असर डालना सही नहीं लगता। सदस्यों का कहना है कि जालंधर जिमखाना क्लब अपनी मेंबरशिप का रेट बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर चुका है। ऐसे में क्लब के पक्के और वर्षों पुराने सदस्यों को महज 10 पैसे के लिए डिफॉल्टर या बकायेदार बताना प्रैक्टिकल नहीं लगता। उनका कहना है कि क्लब और उसके सदस्यों के बीच संबंध केवल लेन-देन का नहीं, बल्कि विश्वास का भी है। सदस्यों के अनुसार, आज के समय में 10 पैसे जैसी मामूली करेंसी का व्यावहारिक तौर पर कोई चलन या खास महत्व नहीं है। इसके बावजूद यदि किसी सदस्य के नाम के आगे 10 पैसे की देनदारी लाल रंग में दर्ज कर उसे डिफॉल्टर बताया जाता है, तो इससे संबंधित सदस्य को शर्मिंदगी महसूस हो सकती है। क्लब सदस्यों का कहना है कि मैनेजमैंट को इस तरह की बेहद छोटी देनदारियों के लिए एक प्रैक्टिकल सीमा तय करनी चाहिए। उनका सुझाव है कि 500 या 1000 रुपए तक के बकाए को छूट दी जानी चाहिए लेकिन 10-20 पैसे जैसी मामूली रकम को लेकर किसी पक्के सदस्य को डिफॉल्टर बताना उचित नहीं है।

