हलवारा एयरपोर्ट: उड़ान शुरू होने से पहले बदला दिल्ली फ्लाइट का शैड्यूल
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 11:10 AM (IST)
लुधियाना (हितेश): हलवारा एयरपोर्ट से शुरू होने से पहले ही दिल्ली की फ्लाइट का शैड्यूल बदल गया है। यहां बताना उचित होगा कि पी.एम. मोदी द्वारा 1 फरवरी को हलवारा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया था जिसके बाद कभी मार्च और कभी अप्रैल में फ्लाइट शुरू होने के दावे किए गए लेकिन 2 महीने बाद इस मुद्दे पर सस्पैंस खत्म हो गया है। इसके तहत एयर इंडिया द्वारा 15 मई से दिल्ली आने-जाने के लिए 2 फ्लाइट्स का शैड्यूल जारी किया गया है।
हालांकि इस फ्लाइट के लिए बुकिंग 1 अप्रैल को शुरू हो गई थी और उसे भारी रिस्पांस भी मिल रहा है लेकिन फ्लाइट शुरू होने से पहले ही उसका शैड्यूल बदल दिया गया है जिसकी पुष्टि केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू द्वारा की गई है। उन्होंने इसके लिए लोगों की मांग का हवाला दिया है।
इस तरह फिक्स हुआ टाइम टेबल
- सुबह 8.35 पर दिल्ली से चलकर 9.45 पर हलवारा में लैंडिंग।
- सुबह 10.25 पर हलवारा से चलकर 11.40 पर दिल्ली में लैंडिंग।
- दोपहर 12.55 पर दिल्ली से चलकर 2.10 पर हलवारा में लैंडिंग।
- दोपहर 2.40 पर हलवारा से चलकर 3.55 पर दिल्ली में लैंडिंग।
लोगों की फीडबैक के हिसाब से किया बदलाव : बिट्टू
एयर इंडिया द्वारा पहले सुबह 5.55 बजे दिल्ली से चलकर फ्लाइट 7.05 बजे लुधियाना पहुंचने और फिर सुबह 7.55 पर हलवारा से चलकर 9.10 बजे दिल्ली पहुंचने का शैड्यूल जारी किया गया जिसे लेकर लोगों द्वारा शिकायतें की जा रही थीं कि इस शैड्यूल के मुताबिक दिल्ली या लुधियाना से पहली फलाइट पकड़ने के लिए सुबह 2 घंटे पहले घर से निकलने की वजह से उनको काफी परेशानी होगी।
इसी तरह दिन के काम करके शाम को दिल्ली से वापस लौटने के हिसाब से भी दोपहर 12.55 बजे चलने वाली फ्लाइट भी लोगों द्वारा पसंद नहीं की जा रही थी। केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के मुताबिक इस संबंधी फीडबैक के हिसाब से किए गए बदलाव के बाद सुबह लुधियाना से दिल्ली जाने वाले लोगों को सुविधा होगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

