हरजिंदर सिंह ह/त्याकांड में बड़ा खुलासा! 2 शूटर काबू, DGP गौरव यादव ने दिया सख्त संदेश

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 05:56 PM (IST)

लुधियाना (राज, अनिल): टिब्बा रोड़ इलाके में हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी झंडा की खौफनाक हत्या के मामले में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और लुधियाना पुलिस द्वारा दो आरोपियों को 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किए जाने के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव का सख्त बयान सामने आया है। डीजीपी ने पुलिस की इस बड़ी कामयाबी की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पंजाब पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मामले में पुलिस की कार्रवाई का ब्योरा साझा करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को पूरी तरह सुरक्षित और अपराध मुक्त राज्य बनाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। डीजीपी ने कहा, पंजाब पुलिस राज्य में फल-फूल रहे संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी अपराधी या असामाजिक तत्व को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

मुख्य आरोपी चला रहा था स्थानीय गैंग, कई आपराधिक मामले दर्ज 

मामले की जांच के आधार पर डीजीपी गौरव यादव ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों मनजीत सिंह उर्फ बॉबी और मोहित कुमार, दोनों निवासी चंदरलोक कॉलोनी में से मनजीत सिंह उर्फ बॉबी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। डीजीपी ने बताया कि आरोपी मनजीत उर्फ बॉबी के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी लुधियाना शहर के क्षेत्र में अपना एक स्थानीय गैंग संचालित कर रहा था।

बाकी आरोपियों की भी हुई पहचान, पुलिस कर रही है तलाश 

एडीजीपी (ए.जी.टी.एफ.) प्रमोद बान ने बताया कि तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर टिब्बा इलाके में कार्रवाई कर दोनों शूटरों को दबोचा गया है। डीजीपी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वारदात में शामिल बाकी सभी हमलावरों और साजिशकर्ताओं को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर मैनहंट चलाया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News