जालंधर में सेहत विभाग की दबिश, दुकानों-रेस्टोरेंट्स में सप्लाई होने वाला पनीर जब्त
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 04:01 PM (IST)
जालंधर (सोनू) : त्योहारी सीजन से पहले मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों पर लगाम लगाने के लिए सेहत विभाग ने शहर में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 4 क्विंटल पनीर कब्जे में लिया है। सेहत विभाग के अधिकारी हरजिंदर पाल सिंह के अनुसार यह कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर और सिविल सर्जन के निर्देशों पर की गई। टीम ने रामामंडी चौक के पास पनीर से भरी एक गाड़ी को रोककर उसकी जांच की।
जांच के दौरान गाड़ी से करीब 150 किलो पनीर बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि यह पनीर आदमपुर और होशियारपुर में सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक पनीर बठिंडा की एक डेयरी से खरीदा गया था और इसकी कीमत करीब 240 रुपये प्रति किलो बताई गई है। टीम ने मौके से पनीर के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति साफ होगी।
इसके अलावा सेहत विभाग को गोल्डन एवेन्यू इलाके में एक घर के बाहर बड़ी मात्रा में पनीर उतारे जाने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 250 किलो पनीर जब्त किया। इस पनीर के भी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारी के मुताबिक दोनों जगहों से मिला पनीर कम कीमत पर खरीदा गया था और इसे शहर में अलग-अलग दुकानों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स तक पहुंचाया जाना था। विभाग को इसकी गुणवत्ता को लेकर संदेह है।
फिलहाल दोनों मामलों में कुल 400 किलो पनीर कब्जे में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि पनीर मानकों पर खरा नहीं उतरता तो उसे नष्ट किया जा सकता है। सेहत विभाग ने लोगों से अपील की है कि त्योहारी सीजन के दौरान बेहद सस्ते दाम पर मिलने वाले पनीर और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतें। साथ ही विभाग ने आने वाले दिनों में ढाबों और रेस्टोरेंट्स में भी पनीर की गुणवत्ता को लेकर जांच अभियान चलाने की बात कही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

