पंजाब : नकली देसी घी बनाने की आशंका पर छापेमारी, फूड विभाग ने ठिकाना किया सील

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 02:31 PM (IST)

बरनाला : त्योहारों के सीजन को देखते हुए फूड विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की लगातार जांच की जा रही है। इसी कड़ी में आज सुबह फूड विभाग की टीम ने पुलिस पार्टी और वार्ड पार्षद को साथ लेकर लखी कॉलोनी के पीछे स्थित तारा कॉलोनी की गली नंबर-1 में एक संदिग्ध जगह पर छापेमारी की। जानकारी देते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) बरनाला चरणजीत सिंह ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त जगह पर नकली देसी घी तैयार किया जाता है। जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां बड़े-बड़े ताले लगे हुए थे।

food raid

उन्होंने बताया कि मौके पर संबंधित व्यक्ति के परिवार के सदस्य भी पहुंच गए। उनसे चाबी मांगी गई, लेकिन उन्होंने चाबी न होने की बात कही और ताले तोड़ने के लिए कहा। इसके बाद सहायक थानेदार मनजीत सिंह, वार्ड नंबर-28 के पार्षद धर्म सिंह फौजी और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। जांच के दौरान अंदर एक टब में करीब 3 से 4 किलो ताजा तैयार देसी घी मिला। मौके पर ही घी के सैंपल लिए गए। इसके अलावा वहां से परमानंद घी ब्रांड के खाली गत्ते के डिब्बे भी बरामद हुए। इन डिब्बों पर निर्माण की तारीख जून 2026 दर्ज थी, जबकि उन पर लुधियाना का पता लिखा हुआ था।

 Fake Desi Ghee

FSO चरणजीत सिंह ने बताया कि संबंधित जगह को सील कर दिया गया है और घी के सैंपल जांच के लिए खरड़ स्थित लैब में भेजे जा रहे हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। बरामद खाली डिब्बों के संबंध में भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस घी के मालिक के रूप में सुरेश कुमार का नाम सामने आया है, जिसके खिलाफ पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। अधिकारी के अनुसार, इससे पहले तपा के नजदीक भी उसके पास से विभिन्न ब्रांडों का देसी घी बरामद किया गया था।

food department raid

इस दौरान सहायक थानेदार मनजीत सिंह ने बताया कि फूड विभाग की ओर से छापेमारी के लिए पुलिस सुरक्षा मांगी गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिवार के सदस्यों तथा पार्षद की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।

 Fake Desi Ghee

वहीं, वार्ड नंबर-28 के पार्षद धर्म सिंह फौजी ने बताया कि फूड विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान करीब 3 से 4 किलो देसी घी और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में की गई। पहले चाबी मांगी गई थी, लेकिन चाबी उपलब्ध न होने पर उनकी मौजूदगी में ताले तोड़े गए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News