भाजपा ऑफिस के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात, चंडीगढ़ में हाई अलर्ट! पढ़ें क्या है वजह

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 11:03 AM (IST)

चंडीगढ़ (मनप्रीत/सुशील): NEET पेपर लीक और एग्जाम में गड़बड़ी को लेकर देश भर में हो रहे विरोध को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में सिक्योरिटी के इंतज़ाम कड़े कर दिए हैं। संभावित विरोध को देखते हुए सेक्टर-33 में चंडीगढ़ भाजपा ऑफिस और सेक्टर-37 में पंजाब भाजपा स्टेट ऑफिस के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इनपुट मिले थे कि पंजाब के कुछ युवा दोनों भाजपा ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसे देखते हुए सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खास सिक्योरिटी के इंतज़ाम किए गए हैं।

डी.एस.पी. लेवल के ऑफिसर से लेकर कांस्टेबल तक बड़ी संख्या में पुलिसवालों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। दोनों भाजपा ऑफिस के बाहर सड़कों के दोनों तरफ बैरिकेड्स लगाए गए हैं ताकि अचानक कोई जमावड़ा या प्रदर्शन होने पर भीड़ को कंट्रोल किया जा सके। इसके साथ ही, आस-पास के इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाली गाड़ियों पर नज़र रखी जा रही है। पुलिस ने किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए सी.टू.यू. बसों को भी स्टैंडबाय पर रखा है, ताकि ज़रूरत पड़ने पर प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लेकर मौके से हटाया जा सके। पुलिस टीमों को दोनों ऑफिस के आसपास हर एक्टिविटी पर नज़र रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता हुए थे आमने-सामने

गौरतलब है कि बुधवार को नीट विवाद को लेकर चंडीगढ़ में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता नीट पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा ऑफिस की ओर मार्च कर रहे थे। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को काबू में किया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News