PM मोदी के चंडीगढ़ दौरे से पहले बम धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 09:36 PM (IST)
चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे से एक दिन पहले शहर में बम धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम में आई एक धमकी भरी कॉल में दावा किया गया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल के आसपास बम लगाया गया है और विस्फोट किया जाएगा।
सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एसएसपी कंवरदीप कौर के नेतृत्व में ऑपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच और अन्य जांच एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला व्यक्ति चंडीगढ़ के सेक्टर 24 और 25 क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद दोनों सेक्टरों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी को सेक्टर-24 से हिरासत में लिया गया है, जिसकी पहचान अविनाश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब का आदी बताया जा रहा है और उससे पूछताछ जारी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे कोई साजिश थी या यह महज अफवाह फैलाने की कोशिश थी। वहीं, प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।

