तेज बारिश व ठंडी हवाओं ने उड़ाई किसानों की रातों की नींद

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2023 - 11:10 AM (IST)

तरनतारन : बीती देर रात बारिश होने के साथ-साथ ठंडी हवाओं ने किसानों की रातों की नींद उड़ा कर रख दी है। तापमान में अचानक आई गिरावट के कारण बच्चों व बुजुर्गों का स्वास्थ्य बिगड़ना शुरू हो गया है। देर रात चली ठंडी हवा के कारण गेहूं, सरसों, सब्जियों की फसल को भारी नुक्सान पहुंचने का अनुमान लगाया जा सकता है। संभावना है कि मौसम खराब होने के कारण पशुओं का चारा भी नष्ट हुआ है। अब पीड़ित किसान नष्ट हुई फसल के मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

सब्जियों को पहुंचा नुक्सान

गांव शहाबपुर में किसान विक्रमजीत सिंह, हरदीप सिंह, मनजीत सिंह की मटरों की फसल को तेज बारिश व हवा के कारण भारी नुक्सान पहुंचा है। इसके अलावा जोई की फसल (जो पशुओं का चारा है) को भी नुक्सान पहुंचा है।

बारिश से किसान हुए निराश

गांव बच्चड़े के निवासी किसान गुरलाल सिंह रंधावा ने बताया कि देर रात चली हवा व बारिश ने गेहूं की फसल को नीचे गिरा दिया है। कुछ ही दिनों में गेहूं की फसल पक कर तैयार होने वाली थी, परंतु अचानक खराब हुए मौसम ने किसानों को निराश कर दिया है, क्योंकि अब गेहूं का दाना दागी हो गया है। इसके कारण झाड़ में काफी कमी होने की संभावना बढ़ गई है। गांव शबाजपुर के किसान विक्की सिंह, सर्बजीत सिंह, वरिंदर सिंह ने बताया कि बीती रात तेज हवा, बारिश के कारण गेहूं व सरसों की फसल बुरी तरह से नष्ट हो गई है। इस साल गेहूं का प्रति एकड़ 2 से 3 क्विंटल झाड़ कम होने की संभावना पैदा हो गई है। यह किसानों के लिए बहुत बड़ा नुक्सान है। सरसों की तैयार हो रही फसल को काफी ज्यादा नुक्सान पहुंचा है। राज्य सरकार से मांग है कि फसल नष्ट होने पर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाए।

खराब मौसम से बिगड़ रहा लोगों का स्वास्थ्य

कुछ दिनों से मौसम काफी सामान्य चल रहा था, परंतु देर रात अचानक बारिश होने व तेज हवा चलने के कारण मौसम बिल्कुल बदल गया है। तापमान में काफी गिरावट आई है। इसके कारण अब लोग खास कर बच्चे व बुजुर्ग विभिन्न बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इनमें खांसी, बुखार, जुकाम, डाइरिया की बीमारी देखने को मिल रही है। डाक्टरों द्वारा लोगों को ऐसे मौसम में खुद का ध्यान रखने का सुझाव दिया जा रहा है।

संतुलित आहार का सेवन करना जरुरी

जरुरी सावधानियां हमें खराब मौसम में बीमारियों का शिकार होने से बचा सकती हैं। सब से पहले हमें संतुलित आहार का सेवन करने की जरुरत है। घर में संतुलित आहार तैयार कर खाएं। सबिज्यों को अच्छी तरह धो कर इनको अच्छी तरह पका कर खाएं। मौसम को ध्यान में रखते हुए पूरी बाजू के कपड़े पहनें। बाजारी खाना खाने से परहेज करें। स्वस्थ रहने के लिए घर में पौधे लगाएं।

विभाग कर रहा रिपोर्ट तैयार

मुख्य कृषि अधिकारी डा. सुरिंदर सिंह का कहना है कि बारिश से फसलों का ज्यादा नुक्सान नहीं हुआ, परंतु तेज हवा के कारण फसलों को पहुंचे नुक्सान का निरीक्षण वह खुद अपनी टीमों की मदद से कर रहे हैं। निरीक्षण को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार की जा रही है। पीड़ित किसानों के साथ बातचीत जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Recommended News

Related News