फिरोजपुर में 6 किलो नशा बरामद, मामले की जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 01:52 PM (IST)
गुरुहरसहाय (सुनील विक्की): थाना गुरुहरसहाय की पुलिस ने एसएसपी फिरोजपुर के दिशा निर्देशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाई मुहिम तहत बीते दिन सूचना के अधार पर खेतों में पड़े गट्टे की तलाशी लेने पर उसमें से करोड़ों रुपए की कीमत की 6 किलो हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार उक्त हेरोइन अज्ञात तस्करों के जरिए ड्रोन के माध्यम से खेतों में फैंकी गई है, जिसकी डिलीवरी आगे होने से पहले ही पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है।
उक्त मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी देते हुए थाना गुरुहरसहाय के इंस्पैक्टर जतिन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को बीते दिन अमनदीप कुमार पुत्र मिलख राज वासी बहादरके ने बताया कि वह अपने खेतों में धान की फसल काट चुका है, लेकिन पोल्ट्री फार्म के पास कुछ धान के पौधें खड़े है, जिसमें उसे एक पीले रंग का गट्टा दिखाई दिया है, जिसमें कोई नशाला पदार्थ हो सकता है। इंस्पैक्टर जतिन्द्र सिंह ने बताया कि उक्त सूचना के पश्चात उन्होंने मौके पर साथी कर्मचारियों व अमनदीप कुमार के साथ पहुंचकर खेतों में से गट्टा बरामद करके उसमें से टेप लिपटे हुए पैकेट बरामद किए है। जिसमें से पुलिस को 6 किलो हेरोइन बरामद हुई है।
उन्होंने बताया कि उक्त हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में करोड़ों की कीमत है और संभावना है कि अज्ञात तस्करों की तरफ से ड्रोन के जरिए उक्त हेरोइन खेतों में फैंकी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है कि उक्त हेरोइन किसने मंगवाई है और आगे इसकी डिलीवरी किसने लेनी थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

