बस स्टैंड रोड पर करियाना दुकान पर गुंडागर्दी, मंजर देख लोगों का दहला दिल, CCTV में कैद हुई वारदात
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 01:37 PM (IST)
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि) : शहर के व्यस्त बस स्टैंड रोड इलाके में रविवार शाम अचानक हुई खूनी वारदात ने लोगों को दहला दिया। शाम करीब 7 बजे आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश प्रसिद्ध तुलसी वाले करियाना स्टोर में घुस आए और कापों तथा तलवारों जैसे तेजधार हथियारों से दुकान मालिक दीपा तथा वहां काम करने वाले एक कर्मचारी पर बर्बरता से हमला कर दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सी सी टी वी कैमरों में कैद हो गई, जिससे पुलिस को मामले की तह तक जाने में मदद मिल रही है।
चश्मदीदों के अनुसार बदमाशों ने करीब 3 से 4 मिनट तक दुकान के अंदर जमकर तांडव मचाया। इस दौरान दीपा तथा उनका कर्मचारी बुरी तरह घायल होकर खून से लथपथ हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दिनदहाड़े, वह भी शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र में, बदमाशों ने बिना किसी डर के इस वारदात को अंजाम दिया।

घायलों को आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की तत्परता से तुरंत सिविल अस्पताल बरनाला में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सी सी टी वी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हथियारबंद बदमाश दुकान में घुसकर मारपीट करते हैं और फिर हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकलते हैं।
इस सरेआम हुई वारदात के बाद इलाके के दुकानदारों तथा राहगीरों में दहशत और सहम का माहौल व्याप्त हो गया है। व्यापारी वर्ग में इस बात को लेकर गहरी चिंता है कि यदि शहर के सबसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर कितनी बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। कई दुकानदारों ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने सी सी टी वी फुटेज कब्जे में ले ली है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने शहरवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शहर की शांति भंग करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सी सी टी वी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करना अब मुश्किल नहीं रहेगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय व्यापारी संगठनों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से बस स्टैंड रोड क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर सी सी टी वी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों को रोका जा सके और आम जनता का प्रशासन पर भरोसा कायम रह सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

