नेशनल हाईवे पर भयानक हादसा, मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर दर्दनाक मौ'त

punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 01:21 PM (IST)

भवानीगढ़ (विकास मित्तल) : यहां बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव रोशनवाला के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक व्यक्ति अवैध कट को पार कर रहा था कि इसी दौरान तेज रफ्तार पीआरटीसी की बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे वाली जगह पर मौजूद सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) के एएसआई हरबंस सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। 

एएसआई हरबंस सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गुरमीत सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी गांव घुमंड सिंह वाला के रूप में हुई है, जो गांव रोशनवाला के पास हाईवे पर शॉर्टकट के तौर पर डिवाइडर तोड़कर बनाए गए कट से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान संगरूर से पटियाला की ओर जा रही पीआरटीसी की बस ने उसके मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार गुरमीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। 

उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आम लोगों द्वारा डिवाइडर तोड़कर बनाया गया यह सिर्फ एक ही कट नहीं है, बल्कि जगह-जगह बने अनेक अवैध कट पहले भी कई हादसों का कारण बन चुके हैं लेकिन प्रशासन द्वारा ऐसे अवैध कटों को बंद करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने मांग की है कि ऐसे खतरनाक कटों को तुरंत बंद किया जाए ताकि भविष्य में किसी और को अपनी जान न गंवानी पड़े।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News