Love Marriage का खौफनाक अंत: शादी के 8 महीने बाद संदिग्ध हालात में युवक की मौ+त, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 02:24 PM (IST)

लुधियाना (राज): परिजनों की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज करने वाले एक युवक की शादी के महज 8 महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर रंजिश के तहत जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। विवाद के चलते युवक का शव तीन दिनों तक सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पड़ा रहा, जिसके बाद पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले किया।

जानकारी के अनुसार, मृतक अरविंद और मुस्कान ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ महीनों तक मुस्कान के परिवार वालों ने उनसे दूरी बनाए रखी, लेकिन बाद में पंचायती राजीनामा हो गया। इसके बाद ससुराल वालों ने ही उन्हें अपने घर के पास किराए का मकान दिलवा दिया था। शादी के 8 महीने बाद अचानक अरविंद की मौत हो गई। मृतक के भाई गोविंद का आरोप है कि मुस्कान के परिजन अरविंद से पुरानी रंजिश रखते थे क्योंकि वह उनकी बेटी को भगाकर ले गया था। गोविंद ने आरोप लगाते हुए कहा कि अरविंद की मौत से कुछ घंटे पहले उसके ससुर ने उनकी मां को फोन करके धमकी दी थी कि "यह कल जेल जाएगा।" गोविंद का कहना है कि ससुराल पक्ष वाले यह झूठी कहानी बना रहे हैं कि अरविंद को सांप ने डसा है, जबकि असल में उसे सोची-समझी साजिश के तहत जहर देकर मारा गया है।

परिजनों द्वारा हत्या के गंभीर आरोप लगाए जाने के कारण 3 दिनों तक शव सिविल अस्पताल लुधियाना की मोर्चरी में रखा रहा। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टरों के विशेष बोर्ड का गठन करवाकर शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अरविंद के सिर पर हल्की चोट का निशान पाया गया है। हालांकि, मौत के असली और सही कारणों का खुलासा विसरा की लैब रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। थाना साहनेवाल की पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयानों और विसरा रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News