पंजाब में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, पलों में ताश के पत्तों की तरह गिरा घर, 3 मजदूरों की मौत
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 12:33 PM (IST)
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): नजदीकी गांव फरवाही में जैस से ऊंचा उठाया जा रहा एक घर आज सुबह गिर गया, जिस कारण 4 मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई और एक मजदूर को मलबे से निकालने की कोशिश जारी है। घर गिरने की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए, जिन्होंने गुरुद्वारा साहिब और डेरा बाबा थम्मन सिंह में इस घटना के बारे में अनाउंसमेंट करवाई ताकि तुरंत मदद बुलाई जा सके। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को भी तुरंत सूचित किया गया।
जानकारी के मुताबिक गांव फरवाही के निवासी विशाल पुत्र स्वर्गीय जीवन कुमार का पिछले काफी दिनों से जैक से घर उठाया जा रहा था, जिसका आज सुबह करीब 4:15 बजे अचानक लेंटर गिर गया और घर के अंदर मौजूद 4 मजदूर मलबे में दब गए। घटना का पता चलते ही गांव वाले बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाने के ड्यूटी ऑफिसर कुलवंत सिंह समेत पुलिस पार्टी भी मौके पर पहुंच गए।
उन लोगों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। मलबे में दबा एक मजदूर घायल हालत में मदद के लिए आवाज लगा रहा था। बड़ी मशक्कत के बाद तीन मजदूरों को बाहर निकाला गया और अलग-अलग एंबुलेंस से सिविल अस्पताल बरनाला में भर्ती कराया गया। वे बेहोश थे लेकिन अस्पताल में उन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। लोग चौथे मजदूर को मलबे से निकालने के लिए मलबा हटा रहे थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

