करोड़ों का चूना लगा कर ''हवा'' हुए पति-पत्नी गिरफ्तार: पुलिस ने भगोड़े ठग जोड़े को दबोचा
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 08:21 PM (IST)
लुधियाना (राज) : कमिश्नरेट पुलिस ने धोखाधड़ी के बड़े मामलों में वांछित एक शातिर भगोड़े दंपत्ति को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। करोड़ों रुपए की ठगी मारकर लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे जयइंद्रपाल सिंह और उसकी पत्नी मनमीत कौर अब सलाखों के पीछे हैं। थाना साहनेवाल की पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इस हाई-प्रोफाइल ठग जोड़े को काबू किया है, जो अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार गुप्त ठिकानों पर ठिकाने बदल रहे थे।
थाना साहनेवाल के प्रभारी इंस्पेक्टर वरिंदरपाल सिंह की टीम ने तकनीकी सहायता और जमीनी इनपुट के आधार पर दबिश दी और दोनों को उस समय दबोच लिया जब वे भागने की फिराक में थे। पुलिस का कहना है कि इन दोनों की गिरफ्तारी से करोड़ों के घोटाले से जुड़े कई अनसुलझे रहस्य खुलने की उम्मीद है। आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन एक्ट की धारा 82 का भी उल्लंघन किया था, जिससे इनके कारनामों की गंभीरता और बढ़ जाती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जयइंद्रपाल और मनमीत कौर को आज माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है, जहां से उनका रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इन्होंने ठगी की करोड़ों की रकम कहां ठिकाने लगाई है और क्या इस नेटवर्क में कुछ और बड़े नाम भी शामिल हैं।
यहां बता दे की आरोपी जयइंद्रपाल सिंह ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अलग-अलग लोगों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। इस शातिर दंपती के खिलाफ न केवल थाना साहनेवाल बल्कि एनआरआई (NRI) थाने में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इन पर अमानत में खयानत, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने और सबूत मिटाने जैसी संगीन धाराओं (406, 420, 506, 201, 120-B IPC) के तहत केस चल रहे हैं। इनके खिलाफ साल 2022 से लेकर 2024 तक लगातार कई एफआईआर दर्ज हुई थीं, जिनमें ये भगोड़े घोषित थे।

