पति से तंग आकर विवाहिता ने निगला जहरीला पदार्थ, Video Call पर देखा होश उड़ा देने वाला मंजर

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 09:02 AM (IST)

लुधियाना(राज): पति की प्रताड़ना से दुखी होकर एक विवाहिता द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का दुखद मामला सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई के बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दिए बयानों में मृतका के भाई अजीत सिंह  ने बताया कि बीते 22 अगस्त  की रात को उसके भांजे ने उसकी पत्नी के मोबाइल पर वीडियो कॉल की। भांजे ने रोते हुए बताया कि उसकी मां हरप्रीत कौर की तबीयत बहुत खराब है और वह बहुत मुश्किल से सांसें ले रही है। जब शिकायतकर्ता ने खुद वीडियो कॉल पर देखा तो उसकी बहन बुरी तरह तड़प रही थी। यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत अपनी बहन के घर की ओर भागा। शिकायतकर्ता जब बहन के घर पहुंचा, तो उसने देखा कि उसका जीजा अमनदीप सिंह और उनका एक पड़ोसी हरप्रीत कौर को एक निजी गाड़ी में डालकर अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। शिकायतकर्ता भी तुरंत अपनी मोटरसाइकिल पर उनकी गाड़ी के पीछे-पीछे लग गया। हरप्रीत कौर को तुरंत सिविल अस्पताल लुधियाना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन जहरीले पदार्थ का असर पूरे शरीर में फैल जाने के कारण इलाज के दौरान हरप्रीत कौर ने दम तोड़ दिया।

पीड़ित भाई ने पुलिस को दिए बयानों में आरोप लगाया कि उसकी बहन हरप्रीत कौर को उसका पति अमनदीप सिंह लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान व प्रताड़ित करता आ रहा था। पति के इसी रोज-रोज के क्लेश और प्रताड़ना से बुरी तरह दुखी होकर हरप्रीत कौर ने कोई जहरीली वस्तु निगल ली, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति अमनदीप सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की संबंधित संगीन धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नामजद आरोपी पति अमनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है और मामले की अगली कानूनी जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News