आज नहीं लगेगा iPhone का लंगर, चंडीगढ़ प्रशासन ने लगाई रोक, पढ़ें क्या है वजह
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 11:31 AM (IST)
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में 22 सितंबर यानी आज लगने वाले ‘iPhone के लंगर’ पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो सकते हैं और भीड़ बेकाबू होने की स्थिति में भगदड़ जैसे हालात पैदा होने का खतरा है। इसी के मद्देनजर चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने पुलिस को 22 सितंबर को होने वाले इस प्रस्तावित कार्यक्रम को रोकने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के जमावड़े की अनुमति नहीं दी जा सकती, क्योंकि अचानक बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि महंगे फोन बांटने के बजाय वृद्ध आश्रमों, अनाथ आश्रमों या अन्य सेवा कार्यों में मदद की जानी चाहिए। बता दें कि राकेश त्रेहन ने घोषणा की थी कि 22 सितंबर को उनकी ओर से iPhone दिए जाएंगे।|
इन iPhone को फिलहाल सिर्फ 10 लोगों को ही वितरित किया जाना था। आने वाले दिनों में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और आज का ‘लंगर’ केवल चुनिंदा लोगों के लिए ही लगाया जा रहा था। फिलहाल इस कार्यक्रम को चंडीगढ़ प्रशासन ने रोक दिया है। जानकारी के मुताबिक, कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ ‘राजा डी किंग’ की ओर से चंडीगढ़ और मोहाली में मुफ्त iPhone देने का ऐलान किया गया था।

