शादी के लिए ढूंढ रहे हैं लड़का-लड़की तो ये आपके लिए हैं खास खबर.. पढ़ें
punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2023 - 10:25 AM (IST)

जालंधर: अगर आप भी शादी के लिए लड़का-लड़की ढूंढ रहे हैं तो सावधान हो जाएं। दरअसल, लोगों की मेहनत की कमाई हथियाने के लिए नौसरबाज कुछ न कुछ नया रास्ता ढूंढ ही लेते हैं। मार्कीट में इस समय रिश्ता करवाने के नाम पर लोगों से एक से दो हजार रुपए ठगने का धंधा ट्रैंड कर रहा है। शहर के कई लोगों से इस तरह से ठगियां हो चुकी हैं लेकिन अमाऊंट कम होने के कारण लोग पुलिस को शिकायत नहीं दे रहे।
इन्हीं नौसरबाजों के हत्थे चढ़े कारोबारी सुधीर कपूर निवासी विकासपुरी ने बताया कि किसी ने अचानक उनका नंबर अपने व्हाट्सएप नंबर में एड कर लिया। उस ग्रुप में लड़के व लड़कियों के रिश्तों की प्रोफाइल डाली जाती थी। व्हाट्सएप ग्रुप चलाने वाला एडमिन लड़के या लड़की के परिजनों का नंबर नहीं देते थे। सिर्फ उनकी फोटो व अन्य डिटेल्स ही डालते थे। उन्होंने उसी व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन से संर्पक करके अपने जानकार के बेटे के रिश्ते के बारे बात की। उसने कहा कि वह उनकी पसंद की लड़की ढूंढ कर सारी प्रोफाइल और उनका संर्पक नंबर उन्हें शेयर कर देगा लेकिन इसके लिए एक हजार रुपए का गूगल पे करना होगा।
पीड़ित सुधीर कपूर ने उसे समय उस व्यक्ति के गूगल पे पर एक हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिनों बाद उस एडमिन का दोबारा फोन आया और कहने लगा कि उनके रिश्ते के लिए एक प्रोफाइल आई है, लेकिन उसके लिए एक हजार रुपए और लगेंगे। कपूर ने पहले तो विरोध किया लेकिन उसकी बातों में आकर दोबारा से एक हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद उसने उक्त व्यक्ति को रिश्ते के बारे पूछने के लिए फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। फिर उस व्यक्ति को व्हाट्सएप पर मैसेज डाला गया लेकिन मैसेज देख कर भी उसने कोई जवाब नहीं दिया। कपूर ने जब फोन करके देखा तो उसका नंबर ब्लॉक लिस्ट में डाल दिया गया था। पीड़ित ने कुछ दोस्तों से बात की तो पता लगा कि उनके साथ भी ऐसा ही हो चुका है। पुलिस में शिकायत देने की बात पूछने पर सुधीर कपूर ने कहा कि दो हजार रुपए के लिए थानों के बार-बार चक्कर लगने के डर से उन्होंने कोई शिकायत नहीं दी।
सोशल मीडिया भी पेज बना कर इसी तरह ठगी मार रहे नौसरबाज
नौसरबाज सोशल मीडिया में पुरी तरह से एक्टिव हैं। व्हाट्सएप ही नहीं सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर भी नौसरबाजों ने रिश्ते करवाने के लिए अपने पेज बना रखे हैं। रिश्ता करवाने वाले लोगों की प्रोफाइल बना कर वह अपनी साइट्स पर डाल लेते हैं और इसी की एवज में वह लोगों से पैसे ठग लेते हैं। हाल ही में सी.आई.ए. स्टाफ ने एन.आर.आईज़ के रिश्ते करवाने के नाम पर लाखों रुपए ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया था, लेकिन ऐसे कई लोग हैं जो इसी तरह लोगों को अपने झांसे में लाकर ठगियां मार रहे हैं।