जालंधर बना ‘सिटी ऑफ इलीगल होर्डिंग्स’, अवैध विज्ञापनों ने निगली शहर की खूबसूरती

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 11:21 AM (IST)

जालंधर (खुराना): जिस प्रकार उदयपुर को ‘सिटी ऑफ लेक्स’, सूरत को ‘सिटी ऑफ डायमंड्स’ और हैदराबाद को ‘सिटी ऑफ पर्ल्स’ के नाम से जाना जाता है, उसी प्रकार आज जालंधर को ‘सिटी ऑफ इलीगल होर्डिंग्स’ कहा जाने लगा है। शहर में सैकड़ों नहीं, बल्कि हजारों की संख्या में अवैध होर्डिंग, विज्ञापन बोर्ड, बैनर और पोस्टर लगे हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि नगर निगम इन पर रोक लगाने में पूरी तरह नाकाम दिखाई दे रहा है।

शहर में विधानसभा चुनावों को अभी दो-तीन महीने का समय बाकी है, लेकिन विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अभी से अपनी विज्ञापनबाजी शुरू कर दी है। चौक-चौराहों से लेकर मुख्य सड़कों, बिजली के खंभों, टेलीफोन पोलों, ग्रीन बेल्ट और गलियों के मोड़ों तक राजनीतिक और निजी विज्ञापनों की भरमार है। इन अवैध विज्ञापनों के कारण शहर की सुंदरता पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर निगम ने शहर में विज्ञापन लगाने का ठेका करीब 70 से 75 करोड़ रुपए में प्राइवेट कंपनी क्रिएटिव को दे रखा है तो फिर हजारों की संख्या में अवैध होर्डिंग और बैनर कैसे लग रहे हैं। क्या ठेका देने के बाद निगम की जिम्मेदारी खत्म हो गई है या फिर अवैध विज्ञापन लगाने वालों पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी किसी की नहीं है।

गौरतलब है कि पिछले करीब डेढ़ साल में मेयर वनीत धीर और नगर निगम प्रशासन ने शहर की ब्यूटीफिकेशन पर काफी मेहनत की है। इस काम पर निगम ने भी करोड़ों रुपए खर्च किए हैं, जबकि कई प्राइवेट कंपनियों ने भी अपने स्तर पर सहयोग दिया है। शहर के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों को सुंदर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए, लेकिन आज अवैध विज्ञापनों ने उस सारी मेहनत पर पानी फेर दिया है। करोड़ों रुपए खर्च करके तैयार की गई ब्यूटीफिकेशन अब होर्डिंग्स और बैनरों के पीछे छिपकर रह गई है।

नगर निगम की ओर से लगभग दो महीने में एक बार अवैध विज्ञापन हटाने का अभियान चलाया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। शहर में चर्चा है कि राजनीतिक दखलअंदाजी के कारण अधिकारी भी ऐसे विज्ञापनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से बचते हैं। इसका नुकसान न केवल शहर की सुंदरता को हो रहा है, बल्कि नगर निगम और सत्ता पक्ष की छवि भी प्रभावित हो रही है।

गुरु नानक मिशन और दोआबा कालेज चौक की ब्यूटीफिकेशन गायब

शहर के सबसे प्रमुख गुरु नानक मिशन चौक की हालत इस समय सबसे खराब दिखाई दे रही है। जिस चौक को सुंदर बनाने के लिए विशेष ब्यूटीफिकेशन करवाई गई थी, वहां अब चारों तरफ अवैध विज्ञापन नजर आते हैं। होर्डिंग्स और बैनरों ने चौक की सुंदरता को लगभग पूरी तरह ढक दिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सुंदरता दिखाई ही नहीं देनी तो फिर इस पर करोड़ों रुपए खर्च करने का क्या फायदा?

इसी प्रकार दोआबा चौक को कभी शहर के सबसे सुंदर चौकों में गिना जाता था। यहां ब्यूटीफिकेशन के तहत संगीत के साज लगाए गए थे, जो इस चौक की अलग पहचान बन गए थे। लेकिन अब अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापन बोर्डों ने इन साजों को भी पूरी तरह ढक दिया है। लोगों को अब चौक की सुंदरता के बजाय चारों तरफ विज्ञापन ही दिखाई देते हैं। लगता ऐसे है जैसे जालंधर नगर निगम के सिस्टम को हैक किया जा चुका है और यहाँ कोई भी कुछ भी कर सकता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News