खबर का असर : हरकत में आया बिजली विभाग, हजारों बच्चों पर मंडरा रहा था खतरा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 03:57 PM (IST)

मलोट (गोयल): एस.डी. स्कूल मलोट के सामने तारों के सहारे झूल रहे टूटे बिजली के खंभे को लेकर पंजाब केसरी में समाचार प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग ने कार्रवाई करते हुए खंभे को वहां से हटा दिया है। स्कूल के सामने मौजूद इस खतरनाक खंभे के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। समाचार के माध्यम से मामला प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विभाग ने इस पर ध्यान दिया और खंभे को उतारकर सड़क किनारे एक तरफ रख दिया।

गौरतलब है कि पंजाब केसरी में प्रकाशित समाचार में स्कूल के सामने झूल रहे बिजली के खंभे को किसी बड़ी दुर्घटना को दावत देने वाला बताया गया था। समाचार में इस बात को प्रमुखता से उठाया गया था कि सनातन धर्म स्कूल में हजारों बच्चे पढ़ते हैं और स्कूल लगने तथा छुट्टी होने के समय सड़क पर विद्यार्थियों की भारी आवाजाही रहती है। इसके अलावा इस रास्ते पर आगे भी कई स्कूल स्थित हैं, जिसके चलते बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा के लिहाज से यह खंभा गंभीर खतरा बना हुआ था।

समाचार प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग द्वारा की गई कार्रवाई से फिलहाल इस खतरनाक खंभे को वहां से हटा दिया गया है। हालांकि, खंभे को उतारकर एक तरफ रख दिया गया है, लेकिन यह देखना भी जरूरी होगा कि संबंधित विभाग आगे इस स्थान पर बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए क्या कदम उठाता है। इस मामले ने एक बार फिर साबित किया है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना जरूरी है। समय रहते विभाग द्वारा कार्रवाई किया जाना राहत की बात है, क्योंकि स्कूल के सामने बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं छोड़ता।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News