ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग युवक ने उठाया खौफनाक कदम, मौत से पहले बनाया वीडियो

punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 02:28 PM (IST)

लुधियाना (राज): थाना डेहलों के अंतर्गत आते इलाके में वैवाहिक विवाद और ससुराल पक्ष के कथित उत्पीड़न से तंग आकर एक नवविवाहित युवक द्वारा संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी करने का बेहद दुखद मामला सामने आया है। जहर निगलने के बाद गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन वहां जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए उसने दम तोड़ दिया। 

मृतक की पहचान मनदीप के रूप में हुई है। मरने से पहले युवक ने अपने मोबाइल पर एक भावुक और सनसनीखेज वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। मृतक मनदीप के परिजन भोला ने मीडिया को बताया कि मनदीप की शादी करीब 7-8 महीने पहले ही बड़े चाव और रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पारिवारिक कलह शुरू हो गई। पिछले करीब 10 दिनों से मनदीप की पत्नी अपने मायके गई हुई थी और वापस नहीं आ रही थी।

मनदीप उसे वापस लाने के लिए ससुराल गया था, लेकिन वहां उसकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। परिजनों के अनुसार, जब मनदीप ससुराल पहुंचा तो उसकी पत्नी ने उससे साफ कह दिया कि उसकी मां (सास) ने उसे ससुराल वापस जाने से सख्त मना कर दिया है। ससुरालियों ने मनदीप के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और पत्नी को उसके साथ भेजने से साफ इनकार कर दिया। खाली हाथ लौटने के बाद मनदीप इस बेइज्जती और वैवाहिक कलह को बर्दाश्त नहीं कर सका और गहरे मानसिक तनाव व डिप्रेशन में चला गया। इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते उसने घर आकर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहरीला पदार्थ निगलते ही मनदीप की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वह उल्टियां करने लगा। हालत नाजुक देख परिजन आनन-फानन में उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम ने उसे बचाने के लिए प्रयास किए और आपातकालीन उपचार शुरू किया, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल जाने के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयास विफल रहे और मनदीप ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया।

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मनदीप द्वारा जहर निगलने से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आया। वीडियो में मनदीप बेहद दुखी और आहत नजर आ रहा है। उसने साफ तौर पर कहा कि उसकी मौत के जिम्मेदार उसके ससुराल पक्ष के लोग हैं, जिन्होंने उसकी वैवाहिक जिंदगी बर्बाद कर दी और उसे इस हद तक प्रताड़ित किया कि उसके पास जान देने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। परिजनों ने इस वीडियो को पुलिस के हवाले करते हुए ससुरालियों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News