जालंधर में दर्दनाक हादसा, घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची को कार ने कुचला; मौके पर मौत
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 10:52 AM (IST)
जालंधर (सोनू): शहर के मिठापुर इलाके में एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला है और जालंधर में किराए के मकान में रह रहा था। हादसे के समय बच्ची घर के गेट के बाहर बैठकर खेल रही थी, जबकि उसकी मां भी पास में मौजूद थी। परिजनों के अनुसार, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति कार लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि कार चालक ने बिना हॉर्न बजाए बच्ची को कुचल दिया। बच्ची की मां ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
परिजन तुरंत बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। परिजनों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में हादसे की पूरी घटना कैद हो सकती है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

