जालंधर: जलभराव के बीच बिजली के खंभे में उतरा करंट, घोड़े की मौ+त; बच्चे बाल-बाल बचे
punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 11:20 AM (IST)
जालंधर(सोनू): शहर के बस्ती शेख स्थित छेवीं पातशाही गुरुद्वारा साहिब के बाहर रविवार को जलभराव के बीच बिजली के खंभे में करंट उतरने से एक घोड़े की मौत हो गई। हादसे के समय घोड़ा मालिक अपने घोड़े के साथ वहां से गुजर रहा था। गनीमत रही कि उसके साथ मौजूद बच्चे करंट की चपेट में आने से बच गए।
घोड़ा मालिक ने बताया कि वह घास काटकर वापस लौट रहा था। सड़क पर पानी जमा था और पास लगे बिजली के खंभे में करंट आ रहा था। जैसे ही घोड़ा खंभे के पास पहुंचा, उसकी लोहे की नाल के कारण उसे करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान घोड़ा मालिक का भांजा और कुछ बच्चे भी वहां मौजूद थे। मालिक के अनुसार, उसके भांजे को भी करंट का झटका लगा, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। घोड़ा मालिक ने बताया कि उसने यह घोड़ा मेहनत की कमाई से खरीदा था और इसी से उसकी रोजी-रोटी चलती थी। घोड़े की मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर काफी पानी जमा होने के कारण बिजली के खंभे में करंट आने की आशंका को लेकर लोग एक-दूसरे को पहले से सावधान कर रहे थे। लोगों का आरोप है कि घटना के करीब एक घंटे बाद तक बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा और इस दौरान बिजली की सप्लाई भी चालू रही। इससे आसपास के लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ रोष है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि जलभराव वाले इलाकों में बिजली के खंभों की जांच कर व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही, उन्होंने घोड़ा मालिक को आर्थिक मुआवजा देने की भी मांग की है।

