जालंधर में आवारा कुत्तों का आतंक! स्कूल से लौट रहे मां-बेटे पर कुत्तों के झुंड का हमला, मासूम गंभीर घायल
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 02:40 PM (IST)
जालंधर (सोनू): शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार दोपहर न्यू कमल विहार में एक महिला अपने नर्सरी में पढ़ने वाले बेटे को स्कूल से लेकर स्कूटी पर घर लौट रही थी, तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
हादसे में मां-बेटा दोनों घायल
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्तों का झुंड अचानक मां-बेटे के पीछे दौड़ पड़ता है। उनसे बचने की कोशिश में महिला ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन संतुलन बिगड़ने से स्कूटी दीवार से टकराकर गिर गई। हादसे में मां-बेटा दोनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मासूम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर पर गंभीर चोट का इलाज चल रहा है।
ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। उनका कहना है कि कॉलोनी में 30 से अधिक आवारा कुत्ते घूमते हैं और आए दिन राहगीरों पर हमला करते हैं। वहीं, सिविल अस्पताल की एंटी-रेबीज वैक्सीन ओपीडी में प्रतिदिन करीब 140 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें 25 से 30 नए डॉग बाइट के मामले होते हैं। इस बीच सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू ने बताया कि आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए बनाए जा रहे डॉग पाउंड में नए केनल (Kennel) का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। ठेकेदार को पहले दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन काम में सुधार नहीं हुआ। इसे गंभीरता से लेते हुए अब नगर निगम ने संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का नोटिस जारी कर दिया है।

