जालंधर में बेअदबी से भड़का रोष, सिख संगठनों ने दी चेतावनी; शाम 4 बजे तक गिरफ्तारी की मांग
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 12:52 PM (IST)
जालंधर(सोनू): शहर के मिट्ठू बस्ती इलाके में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बस्ती बावा खेल के अधीन आते राजा गार्डन स्थित एक खाली प्लॉट में गुटका साहिब के पवित्र अंग बिखरे मिलने से सिख संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। गुस्साए सिख संगठनों ने कपूरथला चौक जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन को शाम 4 बजे तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस, एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। वहीं प्लॉट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बेअदबी करने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। मौके पर पहुंचे बघेर सिंह ने बताया कि वह कीर्तन दरबार में मौजूद थे, तभी उन्हें फोन पर सूचना मिली कि खाली प्लॉट में गुटका साहिब के पवित्र अंग बिखरे पड़े हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और श्रद्धा के साथ पवित्र अंगों को झोली में इकट्ठा किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और निंदनीय घटना है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
वहीं सिख तालमेल कमेटी के सदस्यों ने कहा कि जब तक बेअदबी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा नहीं दी जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

