अमित शाह से मिले जालंधर BJP प्रधान अशोक सरीन, पंजाब को लेकर रखी मांग

punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 09:35 PM (IST)

जालंधर : जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस अवसर पर सरीन ने कहा कि पंजाब और पंजाबियों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करने की क्षमता केवल भारतीय जनता पार्टी के पास है। उन्होंने कहा कि पंजाब को गैंगस्टरों, नशा तस्करों और बढ़ते अपराध से मुक्ति दिलाने के लिए राज्य में भाजपा की सरकार जरूरी है।

अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि पंजाब के व्यापारी, किसान, जवान, महिलाएं और सरकारी कर्मचारी आज सुरक्षा, सम्मान और बेहतर सुविधाओं की अपेक्षा कर रहे हैं। भाजपा इन सभी वर्गों को सुरक्षित माहौल, विकास के अवसर और बेहतर भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था मजबूत करना और आम नागरिकों के मन में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

सरीन ने कहा कि पंजाब को अब डबल इंजन की सरकार चाहिए, जिसके नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा पंजाब को विकास की नई दिशा दे सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा की सरकार पंजाब को कर्ज के बोझ से बाहर निकालने, उद्योग-व्यापार को बढ़ावा देने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और अपराधमुक्त वातावरण बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार सहित भाजपा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था और विकास के अनुभव से सीख लेते हुए पंजाब में भी सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। पंजाब को नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त, अपराधमुक्त और कर्ज के बोझ से बाहर निकालकर फिर से खुशहाल बनाना भाजपा का संकल्प है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News