जालंधर कैंट थाने में गरमाया माहौल, चले तेजधार हथियार, 10वीं के छात्र की हालत नाजुक
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 04:29 PM (IST)
पंजाब डेस्क : जालंधर के कैंट थाने में जबरदस्त हंगामा होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार यहां समझौते के लिए बुलाए गए दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। बहस बढ़ने पर एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी गर्दन पर गंभीर चोट आई। घायल की पहचान 10वीं कक्षा के छात्र मुकुल सेठी के रूप में हुई है, जिसे पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया और बाद में हालत गंभीर होने पर दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि झगड़ा एसडी मॉडल स्कूल के छात्रों के बीच हुए पुराने विवाद को लेकर था। दोनों परिवारों को मामले का निपटारा कराने के लिए थाने बुलाया गया था, लेकिन इसी दौरान कहासुनी हाथापाई में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद दूसरे पक्ष के एक युवक के बड़े भाई ने अचानक हथियार निकालकर हमला कर दिया।
घटना के समय थाने में कई लोग मौजूद थे और पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन हालात काबू से बाहर हो गए। आरोपी मौके से भागने लगा, हालांकि बाद में उसे पकड़कर पुलिस हिरासत में ले लिया गया। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टरों के अनुसार घायल छात्र की गर्दन पर कई टांके लगे हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

