श्री सिद्ध बाबा सोढल मेला को लेकर जालंधर DC ने जारी किए सख्त आदेश
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 04:23 PM (IST)
जालंधर (चोपड़ा): डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने 25 सितम्बर को मनाए जा रहे श्री सिद्ध बाबा सोढल मेला की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की भारी आमद को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। डिप्टी कमिश्नर ने स्थानीय जिला प्रशासनिक काम्पलैक्स में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक दौरान कहा कि मेला की क्षेत्र में विशेष धार्मिक महत्ता है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे शांतिपूर्ण ढंग से मंदिर में माथा टेक सकें।
डिप्टी कमिश्नर ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मचारियों की तैनाती, सुचारू निगरानी तथा यातायात के लिए वैकल्पिक मार्गों के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर, मंदिर को जाने वाले मुख्य मार्गों, आसपास की सड़कों और मेला क्षेत्र में सफाई व सजावट के विशेष प्रबंध किए जाए। उन्होंने मेडिकल टीमों व एंबुलेंस की तैनाती, पीने के पानी, फायर ब्रिगेड और अस्थायी शौचालयों सहित अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को मेले में लगाए जाने वाले स्टेजों व झूलों की आवश्यक जांच कराने को कहा गया। उन्होंने बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा ढीली या नीची तारों को तुरंत ठीक करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने पर जोर देते हुए कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर, सहायक कमिश्नर डा. वरूण कुमार, डी.सी.पी. मनप्रीत सिंह ढिल्लों, डी.सी.पी. परमिंदर सिंह, डी.सी.पी. आदित्य वारियर, एस.डी.एम. शुभी आंगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
सोढल मंदिर के एक किलोमीटर क्षेत्र में 25 को मीट और शराब की बिक्री पर रहेगी पाबंदीः जिला मैजिस्ट्रेट
वरजीत वालिया ने श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले के मद्देनजर 25 सितम्बर को सोढल मंदिर से एक किलोमीटर के क्षेत्र में मीट और शराब की बिक्री पर पाबंदी होने के आदेश जारी किए है। यह आदेश मेले के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। डी.एम. ने संबंधित विभागों को आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

