Jalandhar में Encounter, पुलिस और शूटर के बीच चली ताबड़तोड़ गोलियां

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 01:22 PM (IST)

जालंधर: जालंधर से बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, यहां पुलिस ने वरदान अस्पताल पर  फायरिंग करने वाले कथित शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर नाका लगाया गया। पुलिस ने जब बाइक सवार आरोपी को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। कुछ दूरी पर उसकी बाइक फिसल गई। आरोप है कि इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोध सिंह उर्फ जोधा, निवासी शाहकोट, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह लक्की पटियाल गैंग से जुड़ा हुआ है और मोहाली व मोगा पुलिस का वांछित आरोपी भी है।

हथियार के आधार पर पहचान की पुष्टि 
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 28 फरवरी को जालंधर के वरदान अस्पताल पर हुई फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। सीसीटीवी फुटेज, बरामद हेलमेट और हथियार के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ में उसके अन्य साथियों और विदेश में बैठे गैंग से जुड़े लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिली है। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है और स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।गौरतलब है कि 28 फरवरी को मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल के बाहर एक हमलावर ने कुछ ही सेकेंड में कई राउंड फायरिंग की थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया है कि अब उसी वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News