फिर चर्चा में कुल्हड़ पिज्जा कपल, UK में छिड़ा नया विवाद
punjabkesari.in Monday, Jun 23, 2025 - 05:40 PM (IST)

जालंधर: यू.के. शिफ्ट हुए कुल्हड़ पिज्जा कपल एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इंग्लैंड में कुल्हड़ पिज्जा कपल सहज अरोड़ा और गुरप्रीत कौर टिकटॉक का इस्तेमाल करते हैं। इस दौरान सहज अरोड़ा का टिकटॉक पर कुछ पंजाबी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने मजाक उड़ाया। इस पर सहज अरोड़ा ने गुस्सा जाहिर किया है और अपने दुश्मनों को बार-बार पुरानी बात दोहराने के लिए सख्त संदेश दिया है।
सहज अरोड़ा ने लाइव होकर दावा किया कि यह सब उन्हें सोशल मीडिया और व्यक्तिगत तौर पर बदनाम करने की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। यू.के. में भी उन्हें सोशल मीडिया ट्रोल और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। उनके इमिग्रेशन बिजनेस पार्टनर को भी निशाना बनाया गया। स्टूडियो ने भी उनके साथ गाना रिकॉर्ड करने से परहेज किया क्योंकि उन्हें धमकियां मिल रही थीं।
गौरतलब है कि जालंधर के भगवान वाल्मीकि चौक से बी.आर. अंबेडकर चौक तक की सड़क पर स्थित कुल्हड़ पिज्जा कपल ने देश में पहली बार कुल्हड़ पिज्जा नाम से पिज्जा बनाया था। जिसके बाद फूड ब्लॉगर्स आने लगे और यह कपल पंजाब में ही नहीं बल्कि देश में भी मशहूर हो गया। सहज ने दुकान के बाहर काउंटर लगाकर काम करना शुरू कर दिया। जब उनकी शादी गुरप्रीत से हुई तो सहज अरोड़ा की किस्मत बदल गई और उनका काम नई ऊंचाइयों को छूने लगा। जैसे-जैसे यह कपल मशहूर होता गया, सोशल मीडिया पर इनके फॉलोअर्स भी बढ़ने लगे। दोनों पंजाब में काफी मशहूर हो गए थे। कुल्हड़ पिज्जा कपल सबसे पहले तब विवादों में आया था, जब उन्होंने एयर राइफल के साथ फोटो शेयर की थी। इस मामले में जालंधर सिटी पुलिस ने गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में केस दर्ज किया था। हालांकि, दोनों को थाने में ही जमानत मिल गई थी।
कपल का अश्लील वीडियो हुआ वायरल
कुल्हड़ पिज्जा कपल उस समय फिर से चर्चा में आया, जब इस कपल का एक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इनके रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक कर्मचारी ने दोनों के कुछ निजी और अश्लील वीडियो वायरल कर दिए थे। वीडियो वायरल होने पर पहले तो कपल ने कहा कि उक्त वीडियो फर्जी है, लेकिन जब कपल का यह बयान सामने आया तो तुरंत ही एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। जिसके बाद दंपत्ति ने कमिश्नरेट पुलिस को मामले की शिकायत दी।
सहज के बयान के आधार पर जालंधर थाना-4 की पुलिस ने आरोपी पूर्व कर्मचारी तनीषा वर्मा व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया था कि नौकरी के दौरान लड़की का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया था। सहज अरोड़ा बोले- मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
सहज अरोड़ा ने कहा कि वह यू.के. में टिकटॉक चलाते हैं। वह अब पुराने विवादों को पीछे छोड़ना चाहते हैं, लेकिन कुछ लोग अब भी उन्हें उसी मुद्दे से जोड़कर निशाना बना रहे हैं। सहज का आरोप है कि कुछ लोग धर्म के नाम पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। किसी का नाम लिए बिना सहज अरोड़ा ने कहा कि यूट्यूब पर जो लोग पगड़ी नहीं पहनते, वे सिख धर्म का इस्तेमाल कर उनका अपमान कर रहे हैं। सहज ने कहा कि 2 साल पहले का विवाद बार-बार उठाया जा रहा है, तब भी उन्होंने संबंधित लड़कियों के चेहरे नहीं दिखाए, ताकि उनका भविष्य खराब न हो।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here