जालंधर में कूड़े की लिफ्टिंग होगी बंद! नगर निगम ड्राइवर यूनियन ने दिया अल्टीमेटम

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 10:09 AM (IST)

जालंधर (खुराना): नगर निगम की ड्राइवर टैक्निकल एवं हैल्थ ब्रांच यूनियन ने वेतन न मिलने पर काम बंद करने की चेतावनी दे दी है। यूनियन के प्रधान शम्मी लूथर ने बताया कि आउटसोर्स पर कार्यरत ड्राइवरों को पिछले 3 महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर और मेयर को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि डीसीएफए स्तर पर फाइलें अटकी हुई हैं और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा।

शम्मी लूथर ने बताया कि हाल ही में उनकी मेयर से मुलाकात हुई थी। उस दौरान आश्वासन दिया गया था कि संबंधित अधिकारी को बदला जाएगा और वेतन संबंधी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि यदि मंगलवार तक ड्राइवरों के खातों में वेतन जारी नहीं किया गया तो 4 मार्च (बुधवार) से शहर में कूड़े की लिफ्टिंग का कार्य पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

यूनियन ने चेतावनी दी है कि होली का त्योहार नजदीक है और ऐसे समय में यदि कूड़ा लिफ्ट न हुआ तो शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा सकती है। ड्राइवरों का कहना है कि जब नगर निगम के अधिकारी कमिश्नर और मेयर के निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं तो वे यूनियन की मांगों को कैसे सुनेंगे। शम्मी लूथर ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए दो-दो, तीन-तीन महीने बिना वेतन के घर चलाना संभव नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि सोमवार को एक बार फिर कमिश्नर और मेयर से मिलकर अंतिम बार समाधान की मांग की जाएगी। यदि उसके बाद भी वेतन जारी नहीं हुआ तो यूनियन संघर्ष करेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News