जालंधर में पटाखा मार्केट के लिए जगह तय! जिला प्रशासन ने दी मंजूरी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 09:53 AM (IST)
जालंधर (खुराना): दशहरा-दिवाली सिर पर होने के बावजूद जालंधर में अस्थाई पटाखा मार्केट लगाने को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब खत्म होती दिखाई दे रही है। जिला प्रशासन ने पठानकोट रोड पर स्थित गांव राओवाली में 5.5 एकड़ जमीन पर अस्थायी पटाखा मार्केट लगाने की अनुमति दे दी है। प्रशासन की ओर से अनुमति के साथ सुरक्षा, ट्रैफिक और दुकानों की व्यवस्था को लेकर कई शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। प्रशासन की ओर से जिस जमीन को पटाखा मार्केट के लिए मंजूरी दी गई है, उसे अजय पार्क के नाम से जाना जाता है। यह जमीन गोस्वामी परिवार से संबंधित है। जानकारी के अनुसार पटाखा कारोबारियों से जुड़ी एसोसिएशनों ने इस जमीन को 5 साल के लिए पटाखा मार्कीट लगाने के उद्देश्य से लीज पर लिया है।
फिलहाल इस जमीन पर धान की फसल खड़ी है। पटाखा मार्केट लगाने के लिए फसल को पूरी तरह पकने से पहले ही काटना पड़ेगा। इसके लिए जिस किसान की जमीन पर यह फसल लगी हुई है, उसे फसल का मुआवजा दिया जा रहा है। इसके बाद ही जमीन को मार्केट के लिए तैयार करने और प्रशासन की ओर से तय सुरक्षा शर्तों को पूरा करने की प्रक्रिया होगी। पता चला है कि इस बार भी भाजपा नेता के.डी. भंडारी ने ही अपने स्तर पर प्रयास करके शहर के पटाखा कारोबारियों को राहत दिलाई है।
कई ग्रुपों में बंटे कारोबारी, कई प्रधान लगातार कर रहे थे प्रयास
जालंधर में पटाखा कारोबारियों के कई अलग-अलग ग्रुप/एसोसिएशन हैं। इनमें भंडारी, महाजन, जैन, तलवाड़, धीरज, राणा और बाहरी ग्रुप शामिल हैं। पटाखा मार्केट की जगह को लेकर पिछले दिनों इनसे जुड़े कुछ प्रतिनिधियों की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे थे जो कई सप्ताह की मेहनत के बाद ही सफल हुए हैं ।
गौरतलब है कि पटाखा मार्कीट के लिए पिछले दिनों लैदर काम्पलैक्स के पास खाली प्लाट और कई अन्य विकल्पों पर चर्चा हुई थी, लेकिन कोई जगह अंतिम रूप से तय नहीं हो पाई थी। अब राओवाली की 5.5 एकड़ जमीन को प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद पटाखा मार्कीट के लिए रास्ता साफ होता दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि पटाखा मार्कीट इस ओर आने से जहां रेरू चौक पर ट्रैफिक का दबाव और बढ़ जाएगा वहीं राओवाली को जाती धोगड़ी रोड की खराब हालत भी काफी परेशानी पैदा करेगी।
अनुमति के साथ सुरक्षा की कड़ी शर्तें
जिला प्रशासन ने मार्कीट के लिए कई सुरक्षा शर्तें रखी हैं। पब्लिक और गुड्स ट्रांसपोर्ट की एंट्री-एग्जिट प्लाट के पीछे की तरफ से होगी, जबकि हाईवे की तरफ से केवल एंबुलेंस और फायर टेंडर को आने-जाने की अनुमति होगी। प्रवेश और निकास पर ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
अस्थायी दुकानों को नेशनल हाईवे और रिहायशी क्षेत्र से 50-50 मीटर, पेट्रोल पंप से 50 मीटर, फैक्ट्रियों से 15 मीटर और पार्किंग से 15 मीटर दूर रखना होगा। दुकानों के बीच कम से कम 3 मीटर की दूरी भी जरूरी होगी। प्रत्येक दुकान के बाहर कम से कम चार पोर्टेबल फायर एक्सटिंग्विशर और 200 लीटर पानी की व्यवस्था करनी होगी। पटाखों की बिक्री का समय सुबह 10 बजे से शाम 7.30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
ऐसे में पटाखा मार्केट लगाने के लिए रास्ते खुलते जरूर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन यह भी देखना होगा कि जमीन और मार्कीट की व्यवस्थाओं को लेकर आगे कोई नया विवाद पैदा होता है या नहीं। फिलहाल जिला प्रशासन की मंजूरी के बाद कारोबारियों को मार्कीट लगने की उम्मीद बंधी है और अब अगली नजर जमीन को मार्कीट के लिए तैयार करने की प्रक्रिया पर रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

