LPU हंगामे के बाद Alert पर जालंधर पुलिस , रेलवे स्टेशन से बाजारों तक पुलिस की पैनी नजर

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 10:58 AM (IST)

जालंधर: जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा एक यूनिवर्सिटी में हुए हंगामे के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर एंटी-सबोटाज चैकिंग अभियान शुरू करने के एस.एस.पी. हरविंदर विर्क ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। पुलिस टीमों द्वारा महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की जा रही है तथा संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

जालंधर ग्रामीण के एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह कायम रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच करने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा है। एस.एस.पी. विर्क ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, बाजारों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों तथा अन्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एंटी-सबोटाज चैकिंग के दौरान पुलिस टीमें संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों की जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। एस.एस.पी. हरविंद्र सिंह विर्क ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सीधी जिम्मेदारी है तथा किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहे। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सुरक्षा सभी की सांझा जिम्मेदारी है। नागरिक अपने आसपास की गतिविधियों के प्रति जागरूक रहें और यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु, वाहन या गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News