1023 करोड़ खर्च, फिर भी जालंधर नहीं बना स्मार्ट सिटी! कई प्रोजेक्टों का नामोनिशान तक मिटा
punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 09:48 AM (IST)
जालंधर (खुराना): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जून 2015 में देशभर में स्मार्ट सिटी मिशन की शुरुआत बड़े सपनों और दावों के साथ की थी। इस मिशन का उद्देश्य शहरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना, सड़कों, पार्कों, सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाना था। स्मार्ट सिटी मिशन 31 मार्च 2025 को समाप्त हो चुका है, लेकिन जालंधर में इस योजना के तहत हुए कामों की मौजूदा हालत कई सवाल खड़े कर रही है।
जालंधर स्मार्ट सिटी कंपनी ने शहर में कुल 78 प्रोजेक्ट चलाए और इन पर लगभग 1023 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बावजूद आज शहर में स्मार्ट सिटी के कई प्रोजेक्ट या तो पूरी तरह खत्म हो चुके हैं या उनकी हालत इतनी खराब है कि उनका उद्देश्य ही पूरा होता दिखाई नहीं देता। हैरानी की बात यह है कि अभी भी 4 प्रोजेक्ट पेंडिंग हैं, जिन पर करीब 163 करोड़ रुपए और खर्च किए जाने हैं। शहर में स्मार्ट सिटी के तहत बने फ्लाईओवरों के नीचे हैंगिंग गार्डन तैयार किए गए थे। इन पर भी तीन चार करोड़ रुपए खर्च हुए, लेकिन आज इनका नामोनिशान तक दिखाई नहीं देता। नहर के किनारे लोगों के घूमने के लिए बनाई गई पटरी भी लगभग खत्म हो चुकी है। कई पार्कों को सुंदर बनाने और आधुनिक सुविधाएं देने पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन आज उनमें से कई पार्क वीरान पड़े हैं।
इसी तरह काला संघिया ड्रेन की सफाई और सुधार पर काम होने के बावजूद वहां दोबारा गंदगी की समस्या दिखाई देने लगी है। शहर में स्मार्ट रोड के नाम पर किए गए काम भी अब कहीं नजर नहीं आते। प्लास्टिक बोतलों को कुचलने के लिए लगाई गई बॉटल क्रशर मशीनों को जंग लग चुका है। कई जगह लगाए गए साइन बोर्ड टूट चुके हैं, जबकि स्मार्ट सिटी के तहत सुंदर बनाए गए कई चौकों को अब दोबारा ब्यूटीफाई किया जा चुका है। कुल मिलाकर जिन कामों को शहर की तस्वीर बदलने के लिए तैयार किया गया था, उनमें से कई कुछ ही वर्षों में अपनी पहचान खो चुके हैं। इससे न केवल सरकारी पैसे के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि इन प्रोजेक्टों की योजना, निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
करोड़ों के कथित घोटालों की जांच भी वर्षों से अधर में
स्मार्ट सिटी प्रोजैक्टों की बदहाल स्थिति के साथ-साथ इनमें हुए कथित घोटालों की जांच का मामला भी लगातार सवालों के घेरे में है। वर्ष 2022 में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने स्मार्ट सिटी के 64 प्रोजेक्टों की जांच विजिलेंस ब्यूरो को सौंपी थी। करीब पाँच साल बीतने के बावजूद जांच में कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई। इससे पहले तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी जालंधर स्मार्ट सिटी में कथित भ्रष्टाचार की शिकायतों के आधार पर जांच की मांग उठाई थी। केंद्र की एक टीम जालंधर आकर संबंधित दस्तावेज भी अपने साथ ले गई थी, लेकिन उसके बाद भी जांच का कोई नतीजा सार्वजनिक नहीं हुआ।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी जालंधर में अपनी रैली के दौरान स्मार्ट सिटी में हुए कथित घोटालों का जिक्र कर चुके हैं। इसके बावजूद न तो केंद्रीय जांच एजैंसियों की ओर से कोई बड़ी कार्रवाई सामने आई और न ही स्टेट विजिलेंस ब्यूरो की जांच किसी निर्णायक नतीजे तक पहुंचती दिखाई दी। विजिलेंस अधिकारियों की ओर से पहले यह कहा जाता रहा है कि ज्यादातर प्रोजेक्ट निर्माण कार्यों से जुड़े हैं और उनकी तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञ टीम की जरूरत है। इस संबंध में सरकार को पत्र लिखे जाने की बात भी सामने आई थी पर एक्शन कुछ नहीं हुआ।
देरी से मिटते जा रहे हैं जांच के अहम सबूत
जांच में वर्षों की देरी का एक दूसरा पहलू भी गंभीर है। स्मार्ट सिटी के तहत जिन सड़कों, पार्कों, चौकों, नहर किनारे की पटरी और अन्य निर्माण कार्यों की क्वालिटी पर सवाल उठे थे, उनमें से कई आज अपनी पुरानी स्थिति में मौजूद ही नहीं हैं। कहीं निर्माण टूट चुका है, कहीं मुरम्मत हो चुकी है और कहीं पूरा प्रोजेक्ट ही खत्म हो चुका है। ऐसे में अब इन कामों की तकनीकी जांच करना और उस समय इस्तेमाल किए गए निर्माण सामग्री की क्वालिटी का पता लगाना पहले की तुलना में कहीं अधिक मुश्किल हो सकता है। अगर समय रहते जांच होती तो मौके पर मौजूद निर्माण कार्यों की स्थिति देखकर जिम्मेदारी तय करना आसान होता।
अब सवाल यह है कि 1023 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद जालंधर को स्मार्ट सिटी के नाम पर आखिर क्या मिला? 78 प्रोजैक्टों में से कितने प्रोजैक्ट अपने उद्देश्य पर खरे उतरे और कितनों पर खर्च हुई रकम का कोई स्थायी फायदा शहर को नहीं मिल पाया? साथ ही, जिन प्रोजेक्टों में कथित अनियमितताओं की शिकायतें हुईं, उनकी जांच आखिर कब पूरी होगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

