शादी में गए परिवार के घर चोरों ने बोला धावा, गहने और हजारों की नकदी पर किया हाथ साफ
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 04:07 PM (IST)
जालंधर(सोनू): महानगर में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बेखौफ चोर सरेआम वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे है। वहीं ताजा मामला थाना रामामंडी के अंतगर्त आते अंबेडकर नगर से सामने आया है। जहां चोर एक नंबर गली में स्थित घर नगदी और गहने लेकर फरार हो गए।
मामले की जानकारी देते हुए महिला रीमा ने कहा कि चोर घर से 5 तोला सोना, चांदी और 50 हजार रुपए नकदी ले गए। महिला ने बताया कि उसकी मौसी की बेटी की मुकेरियां के पास पड़ते भंगाला में शादी थी। जब वह शादी से लौटकर घर पर पहुंचे तो उनकी नजर घर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे पर पड़ी। पीड़िता ने कहा कि घर से सी.सी.टी.वी. कैमरा गायब था। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो डी.वी.आर. भी गायब थी जिसके बाद उन्हें घर में चोरी का शक हुआ।
इस दौरान घर की अलमारी का सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी में रखे गहनों का बैग चैक किया तो उसमें से गहने गायब थे। रीमा ने बताया कि 8 महीने पहले ही उसके भाई की शादी हुई है। उसकी भाभी और मां के गहने अलमारी में थे, चोर सारे गहने ले गए। चोरी की सूचना थाना रामामंडी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची थाना रामामंडी पुलिस ने मौके का जायजा लिया और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर चली गई। परिवार ने बताया कि उनको पड़ोसी पर चोरी का शक था, इसलिए उन्होंने उसका नाम पुलिस को बताया। पड़ोसी युवक पहले भी मोहल्ले में चोरियां कर चुका था और चिट्टे का आदी है।
मोहल्ला निवासी जगदीप और रोशनी ने बताया कि मोहल्ले में हो रही चोरियों से लोग परेशान हैं। बीते सप्ताह मोहल्ले से चोर एक घर से 10 तोले गहने ले गए थे। इस मामले में भी सी.आई.ए. स्टाफ ने कुछ युवकों को उठाया था। इस चोरी में भी मोहल्ले के ही युवक के घर से 15 तोले सोना मिला था। जगदीप ने बताया कि शिवरात्री वाले दिन प्रभातफेरी के दौरान मोहल्ले में अकेली रह रही महिला के घर से चिट्टे का आदी एक युवक 2 सिलेंडर ले गया था। जब मोहल्ले के लोगों ने उससे पूछताछ की तो उसके घर में बेड के नीचे से दोनों सिलेंडर बरामद किए गए। मोहल्ले वालों का कहना है कि युवक का पहले भी चोरी का रिकॉर्ड रहा है।
थाना प्रभारी ने कहा कि संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया गया है। अभी युवक से पूछताछ चल रही है। युवक से जुड़े पुराने केसों को भी खंगाला जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

