केजरीवाल की गारंटी निकली जुमला, 20 हजार करोड़ का वादा सिर्फ 600 करोड़ तक सिमटा : केवल सिंह ढिल्लों

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 02:45 PM (IST)

चंडीगढ़:  पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल द्वारा चुनावों के दौरान पंजाब के लोगों से रेत-बजरी खनन से 20 हजार करोड़ रुपये की आय का जो वादा किया गया था, वह पूरी तरह झूठा साबित हुआ है।

शेष 19,400 करोड़ रुपये आखिर कहां गए?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि साढ़े 4 वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो अवैध खनन रुका और न ही सरकारी खजाना भरा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में पूरी कोशिशों के बावजूद सरकार केवल 600 करोड़ रुपये ही एकत्र कर सकी, जिसमें से लगभग 150 करोड़ रुपये हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से आने वाले खनिज पर लगाए गए कर से प्राप्त हुए हैं। अर्थात पंजाब की अपनी खनन गतिविधियों से होने वाली आय इससे भी कम रही। उन्होंने सवाल उठाया कि शेष 19,400 करोड़ रुपये आखिर कहां गए। उन्होंने कहा कि खुलेआम टिप्पर दौड़ते रहे, नदियों का सीना छलनी होता रहा, लेकिन सरकार आंखें मूंदकर बैठी रही।

ढिल्लों ने सरकार को दी सीधी चुनौती
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि दिल्ली में चुनाव हारने के बावजूद रिमोट कंट्रोल से पंजाब चलाने वाले ये नेता लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाकर खुद पंजाब की रेत तक खा गए। उन्होंने आगे कहा कि यह तो केवल एक गारंटी का हिसाब है, बाकी गारंटियों का हिसाब अलग से लिया जाएगा। ढिल्लों ने सरकार को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि जिस 'इंकलाब' का ढोल पीटकर ये सत्ता में आए थे, आज वह पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। उनका तथाकथित इंकलाब केवल झूठे नारों तक सीमित रहा। पंजाब की नदियों की लूट हुई, सरकारी खजाना खाली रहा और जनता के हिस्से सिर्फ जुमले आए। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इन झूठी गारंटियां देने वाले झूठे इंकलाबियों से जवाब मांगने के लिए तैयार बैठे हैं। गांव-गांव में लोग इनसे एक-एक पैसे का हिसाब लेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News