विधानसभा का सत्र सिर्फ 8-10 मिनट चलना, जवाबदेही से भाग रही ''आप'' सरकार : केवल सिंह ढिल्लों
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 07:58 PM (IST)
चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह विफल हो चुकी है और अपनी जवाबदेही से भाग रही है। यही कारण है कि आज विधानसभा का सत्र सिर्फ आठ-दस मिनट चला, जिसमें न तो पंजाब की बात हुई और न ही राज्य के मुद्दों पर कोई चर्चा हुई। इससे जनता के लाखों-करोड़ों रुपये बर्बाद हो रहे हैं।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि नशे, गैंगस्टरवाद, फिरौती और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को जवाब देना ही पड़ेगा। परमिंदर सिंह झोटा, बिक्रमजीत सिंह और गुलजार सिंह की मौत के मामलों में पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार से जवाब मांग रही है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि कर्मचारी हड़ताल पर हैं और सरकार उनकी मांगें पूरी करने के बजाय उन्हें डराने-धमकाने में लगी हुई है, लेकिन भाजपा कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसान मंडियों में परेशान हो रहे हैं, नशा पंजाब की जवानी को निगल रहा है, नशे के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाया जा रहा है और हर रोज गोलियां चल रही हैं तथा हत्याएं हो रही हैं। लेकिन मुख्यमंत्री को सैर-सपाटे से फुर्सत नहीं है और लुटेरों के रूप में आए दिल्ली के नेता साढ़े चार साल से पंजाब को लूट रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी को भाजपा की चिंता छोड़कर पंजाब की सुध लेनी चाहिए। आप सरकार ने पंजाब के जो हालात बना दिए हैं, उन्हें देखते हुए राज्य की जनता अब इस निकम्मी सरकार को और बर्दाश्त नहीं करेगी।
ढिल्लों ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो दिन पहले पंजाब आकर 31 दिसंबर, 2029 तक राज्य से नशे को खत्म करने का दावा किया था। आज एक बार फिर गृह मंत्री ने पंजाब से नशे को जड़ से खत्म करने की बात दोहराई है और साथ ही राज्य में एनडीए की सरकार बनने का दावा भी किया है। इसका मतलब है कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है और पूरी तैयारी के साथ अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। पंजाब के लोगों का पार्टी पर विश्वास है और भाजपा 2027 में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

