परमिंद्र झोटा इंसाफ मोर्चे से BJP का बड़ा ऐलान, कल से काली पगड़ी बांधेंगे केवल सिंह ढिल्लों

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 11:46 PM (IST)

मानसा/चंडीगढ़ :  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों मानसा में परमिंदर सिंह झोटा के इंसाफ़ मोर्चे में पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने परमिंदर सिंह के पिता भीम सिंह और उनकी माता के साथ दुख सांझा किया। इस मौके पर संबोधित करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि नशों के खिलाफ आवाज़ उठाने वाला परमिंदर सिंह झोटा हमारा योद्धा था, जिसने पंजाब की जवानी को नशों से बचाने के लिए शहादत दी है। वह पंजाब की जवानी को नशों से बचाने के लिए बड़ी लड़ाई लड़ रहा था, उसकी इस कुर्बानी को हमेशा याद रखा जाएगा।

ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को नशों की भेंट चढ़ाकर बर्बाद कर दिया है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने तीन महीने में नशा खत्म करने का दावा किया था, आज इस सरकार के राज में घर-घर नशा बिकने लगा है। नशा बंद करने की जगह नशे के खिलाफ उठने वाली आवाज़ को बंद किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ परमिंदर सिंह का ही मामला नहीं है, इससे पहले नशे के खिलाफ आवाज़ उठाने पर तूर वंजारा के गुलज़ार सिंह को खुदकुशी के लिए मजबूर किया गया। पंजाब की 'आप' सरकार के राज में गायक सिद्धू मूसेवाला, कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां समेत बहुत से नौजवानों की हत्या हो गई, लेकिन आज तक परिवारों को इंसाफ़ नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा के हत्या मामले में पंजाब सरकार से इंसाफ़ की कोई उम्मीद नहीं है, इसीलिए उन्होंने पहले ही दिन पंजाब के राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर सीबीआई जांच की मांग की थी।

उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है, जिसके तहत गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब सरकार से परमिंदर सिंह झोटा समेत तीन मामलों का जवाब मांगा है और पंजाब सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं होगा। उन्होंने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा के हत्या मामले में परिवार को इंसाफ़ दिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी हर स्तर पर परिवार का साथ देगी।

ढिल्लों ने परमिंदर सिंह झोटा को इंसाफ़ मिलने तक पंजाब के लोगों से आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ रोष स्वरूप काली पगड़ियों, काली चुन्नियों और काले झंडों के साथ विरोध करने का आह्वान किया, जिसे परमिंदर सिंह के पिता और संघर्ष में बैठी संगत ने जयकारों की गूंज के बीच स्वीकार किया। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वह भी कल से काली पगड़ी बांधेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News