परमिंदर झोटा हत्याकांड : BJP प्रधान केवल ढिल्लों ने राज्यपाल से की CBI जांच की मांग
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 08:50 PM (IST)
पंजाब डैस्क : मानसा में आज दिन-दिहाड़े नशे के खिलाफ लड़ने वाले परमिंदर सिंह झोटा की हुई हत्या पर पंजाब भाजपा प्रधान केवल ढिल्लों का बड़ा बयान सामने आया है। केवल ढिल्लों ने टवीट जारी कर कहा है कि मानसा में नशे के खिलाफ लड़ने वाले परमिंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या बेहद दुखद है। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है।
केवल ढिल्लों ने कहा है कि मृतक के पिता द्वारा स्थानीय विधायक का नाम लिए जाने के बाद पंजाब पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं किया जा सकता। इसलिए उन्होंने माननीय राज्यपाल जी को पत्र लिखकर सीबीआई (CBI) जांच की मांग की है। अंत में उन्होंने लिखा है कि न्याय होना ही नहीं, दिखना भी चाहिए।
जिक्रयोग्य है कि मानसा में मंगलवार सुबह परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह एक मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर नशीली दवाओं की बिक्री का विरोध करने पहुंचे थे। इसी दौरान मेडिकल स्टोर के मालिक ने उन पर गोलियां चला दीं। गोलियां इतनी नजदीक से चलाई गईं कि झोटा के शरीर के आर-पार हो गईं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।




