खन्ना में ढाबे पर फायरिंग के मामले में पुलिस का एक्शन, 5 आरोपी गिरफ्तार, विदेशी लिंक आया सामने
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 06:17 PM (IST)
पंजाब डेस्क : खन्ना में प्रेम वैष्णो ढाबे में हुए फायरिंग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार इस घटना की सीसीटीवी सामने आई है। इसमें दो मोटरसाइकिल सवार बदमाश ढाबे के बाहर सरेआम गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाने वाले गिरोह के 2 मुख्य शूटरों सहित 3 अन्य सदस्य गिरफ्तार किया है।
एस.एस.पी. डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि 01 मई को सुबह करीब 06:45 बजे खन्ना में ढाबा मालिक नरेश पाठक उर्फ नन्नू के प्रेम ढाबे पर दो अनजान लोगों ने फायरिंग की। जिस पर खन्ना पुलिस ने तुरंत डी.एस.पी. मोहित कुमार सिंगला और डी.एस.पी. विनोद कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की और थाना सिटी खन्ना में सैक्शन 109, 308(4), 351(3), 61(2) बी.एन.एस., 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
एस.एस.पी. ने बताया कि मामले की जांच अमल में लाते हुए टैक्निकल, ह्यूमन रिसोर्स और सी.सी.टी.वी. कैमरों के जरिए करीब 150 किलोमीटर तक की सी.सी.टी.वी. फुटेज चैक करने के बाद, मोहाली से साहिबजोत सिंह, निवासी गांव फलोड कलां और मुनीश शर्मा, निवासी बसंत नगर को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। इन दोनों आरोपियों से पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने 01.05.2026 को प्रेम ढाबे पर गोलियां चलाई थीं।
आरोपियों से आगे पूछताछ करने पर पता चला कि परविंदर सिंह उर्फ लाडी, निवासी गांव चड़ी, हाल निवासी रविदास मोहल्ला, अमनदीप सिंह उर्फ अमनी, निवासी राहोण और विवेक सिंह उर्फ विक्की, निवासी राहोण ने इन शूटरों को पिस्तौल, चोरी की मोटरसाइकिल और रहने की जगह प्रदान की और मोहम्मद अख्तर, निवासी राहोण ने प्रेम ढाबा की रेकी करने में उनकी मदद की थी। जिसके बाद आरोपी अमनदीप सिंह, विवेक सिंह उर्फ विक्की और मोहम्मद अख्तर को केस में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी परविंदर सिंह उर्फ लाडी, निवासी गांव चड़ी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपी मुनीश शर्मा से पूछताछ में पता चला कि घटना के दौरान इस्तेमाल किया गया हथियार गांव इसरू के पास एक पैट्रोल पंप के पास एक मोटर की छत पर छिपाया हुआ था, जिसे वह बरामद करवा सकता है। जब एस.एच.ओ. सिटी खन्ना पुलिस पार्टी के साथ आरोपी मुनीश शर्मा से हथियार बरामद करने के लिए मोटर की छत पर पहुंचे, तो इस दौरान मुनीश शर्मा ने मौके का फायदा उठाकर मोटर की छत से छलांग लगा दी, जिससे वह भी घायल हो गया, जिसे पुलिस पार्टी ने मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपियों से कड़ी पूछताछ करने पर यह बात सामने आई कि शगनप्रीत सिंह उर्फ शगन निवासी चड़ी हाल निवासी ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले डोनी बल्ल के लिंक में था और शगनप्रीत सिंह उर्फ शगन ने डोनी बल्ल के साथ मिलकर फिरौती की मांग की थी और ऐसी और भी वारदातें उन्होंने पहले भी की हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि ये आरोपी भविष्य में 2 और वारदातें करने वाले थे। आरोपियों से गहरी पूछताछ जारी है और अहम खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

