लुधियाना से खन्ना तक हलचल, नशा मुक्ति केंद्र में Income Tax की Raid, देर शाम तक खंगाला रिकॉर्ड
punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 10:08 AM (IST)
लुधियाना/खन्ना, (राज): स्थानीय जी.टी.बी. मार्केट स्थित 'सुखना नशा मुक्ति केंद्र' पर सोमवार को आयकर विभाग (इनकम टैक्स) की टीम ने अचानक दबिश देकर हड़कंप मचा दिया। डिप्टी डायरेक्टर (इन्वेस्टिगेशन) करुति एम. पाटिल के नेतृत्व में पहुंची अधिकारियों की टीम ने सुबह करीब 11 बजे केंद्र में प्रवेश किया और देर शाम तक वित्तीय दस्तावेजों, खातों और कंप्यूटर रिकॉर्ड की गहनता से पड़ताल की। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के बाद केंद्र को सील किए जाने की भी सूचना है।
गोपनीयता के चलते स्टाफ और प्रबंधकों के मोबाइल जब्त
कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय और लीक-प्रूफ रखने के लिए जांच टीम ने केंद्र में दाखिल होते ही प्रबंधकों और पूरे स्टाफ सदस्यों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। किसी को भी बाहर संपर्क करने की अनुमति नहीं दी गई। टीम ने बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन, संभावित टैक्स चोरी और एकाउंट बुक्स में कथित हेराफेरी से संबंधित शिकायतों के आधार पर तमाम वाउचर्स व बिलों की बारीकी से जांच की।
बीएनएक्स गोलियों की सप्लाई व हवाला से विदेश पैसा भेजने की चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस छापामारी के दौरान नशा मुक्ति केंद्रों के जरिए प्रतिबंधित बीएनएक्स (BNX) गोलियों की अवैध सप्लाई और हवाला के माध्यम से काले धन को विदेशों में ठिकाने लगाने (मनी लॉन्ड्रिंग) के गंभीर पहलू सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि यह नशा मुक्ति केंद्र चंडीगढ़ स्थित 'सुमन इन्फो हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड' की एक इकाई है, जिसके पंजाब के अन्य कई शहरों में भी केंद्र चल रहे हैं। कंपनी के अन्य वित्तीय कनेक्शनों को भी रडार पर लिया गया है।
झोटा हत्याकांड से तार जुड़ने की चर्चा, अधिकारियों ने साधी चुप्पी
इस हाई-प्रोफाइल रेड को मानसा के बहुचर्चित परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के संदर्भ से भी जोड़कर देखा जा रहा है और शहर में कई तरह की चर्चाएं गर्म हैं, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। मौके पर मौजूद आयकर अधिकारियों ने जांच के दायरे और अनियमितताओं को लेकर मीडिया से कोई भी आधिकारिक जानकारी साझा करने से पूरी तरह परहेज किया। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच व दस्तावेजों की स्क्रूटनी पूरी होने के बाद ही विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

