जब शक के चक्कर में लोगों ने कर दी पिता की धुनाई
punjabkesari.in Monday, May 20, 2019 - 09:05 AM (IST)

जालंधर(गुलशन) :नई दिल्ली से चलकर जालंधर की ओर आने वाली शान-ए-पंजाब एक्सप्रैस (12497) जैसे ही सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची तो हंगामा हो गया। ट्रेन के यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों को किसी व्यक्ति द्वारा बच्चे को अगवा करने की कोशिश की जिससे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। रेलवे पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान यात्रियों ने 2 बार चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। इसी बीच यात्रियों ने दूर खड़े एक व्यक्ति पर शक जताया। शक के आधार पर ही यात्रियों ने उक्त व्यक्ति की खातिरदारी कर दी। बाद में पता चला कि वह अपहरणकर्ता नहीं बल्कि बच्चे का पिता है।
जानकारी के मुताबिक जब शान-ए-पंजाब एक्सप्रैस सिटी स्टेशन पहुंची तो डी14 कोच में कुछ सिख जत्थेबंदियों के लोग सवार थे। उन्होंने एक बच्चे के साथ एक व्यक्ति को खड़े देखा। इतने में वह बच्चे को रोता छोड़ कर भाग गया। यात्रियों ने शक जताया कि वह बच्चे को जबरदस्ती ले जाना चाह रहा था लेकिन बच्चा रोने लगा तो वह भाग गया। इस दौरान यात्रियों को थोड़ी दूरी पर उक्त व्यक्ति नजर आ गया तो यात्रियों ने न आव देखा न ताव उसे पीटना शुरू कर दिया।
जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह बच्चे का पिता है और पानी लेने के लिए ट्रेन से उतरा था। बच्चे ने भी बताया कि यह उसका पिता है। इन सभी ने नई दिल्ली से अमृतसर जाना था। सब कुछ ठीक-ठाक निकलने पर डिप्टी एस.एस. और आर.पी.एफ. स्टाफ ने राहत की सांस ली और ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।