कैप्टन के पैतृक गांव में बरसा‘लक्खा सिधाना'', फिर दी दिल्ली पुुलिस को चुनौती

punjabkesari.in Wednesday, Feb 24, 2021 - 10:38 AM (IST)

महिराज (बठिंडा) (विजय/शेखर/स.ह.): मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह के पैतृक गांव महिराज में महापंचायत की रैली में लक्खा सिधाना ने दहाड़ते हुए कहा कि वह पंजाब के लिए पैदा हुआ है और उसका खून भी पंजाब की धरती पर ही बहेगा। लगभग डेढ़ बजे लक्खा सिधाना स्टेज पर सामने आया। उसके पहुंचने पर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

लक्खा सिधाना ने चेतावनी दी कि अगर दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के साथ किसी भी किसान नेता या नौजवान को गिरफ्तार किया तो उसकी जिम्मेदारी कैप्टन सरकार की होगी। किसानों को लामबंद करते हुए उसने कहा कि अगर कोई उन्हें गिरफ्तार करने आता है तो सभी गांव निवासी उसका घेराव करें। दिल्ली पुलिस को गांव में घुसने न दें। लक्खा सिधाना ने कहा कि केंद्र सरकार फोटो जारी कर लाल किले में 26 जनवरी को निशान साहिब फहराए जाने के आरोप में गांवों से नौजवानों को उठा रही है, जिसका डटकर विरोध किया जाएगा। यह सब केंद्र सरकार की दिल्ली पुलिस के बल से आंदोलन को खत्म करने की साजिश का एक हिस्सा है। लक्खा सिधाना ने किसानों, मजदूरों के साथ व्यापारियों से अपील की कि वे भी आंदोलन का हिस्सा बनें। यह लड़ाई केवल सिख या किसान की नहीं, बल्कि किसानों के अस्तित्व को बचाने की है, इसलिए 26 फरवरी को दिल्ली पहुंचकर मोदी का सिंहासन हिला दो। उसने कहा कि दीप सिद्धू का लगातार रिमांड लिया जा रहा है उसे टॉर्चर किया जा रहा है। पंजाब के हजारों लाखों नौजवान कुबार्नियां देने को तैयार हैं। दीप सिद्धू एक नहीं यहां हजारों दीप सिद्धू हैं, जो किसानों के आंदोलन में शामिल हैं।  लक्खा सिधाना से पहले रैली में उपस्थिति को दिल्ली में मारे गए युवक नवरीत सिंह के पिता हरदीप सिंह डिबडिबा, पत्रकार नवदीप पूनिया, मनदीप वाटर कैनन, बाबा हरदीप सिंह महिराज , युद्धवीर माणक व अन्य प्रवक्ताओं ने संबोधित किया। रैली में दोपहर तक लोगों का आना जारी रहा व महिराज के चारों ओर सड़कों पर जाम लगे रहे।  

लक्खा पर दर्ज थे डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले
पंजाब में लक्खा सिधाना के खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे, लेकिन लक्खा सिधाना उक्त सभी मामलों में बरी हो चुका है। दिल्ली में 26 जनवरी को हुई हिंसा के बाद पुलिस ने लक्खा सिधाना सहित दर्जनों लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए थे। पुलिस इस संबंध में दीप सिद्धू, इकबाल सिंह, सुखदेव सिंह आदि को गिरफ्तार भी कर चुकी है, लेकिन लक्खा सिधाना अब तक पुलिस के हाथ नहीं आया। पुलिस अब भी कई लोगों की तस्वीरें जारी कर रही है और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश जारी है। इसी बीच दिल्ली पुलिस का ईनामी लक्खा सिधाना का इस प्रकार पंजाब पुलिस की सुरक्षा में रोष रैली करना कई सवाल खड़े करता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News