Punjab: कार छोड़कर फरार हुए नशा तस्कर, हेरोइन की बड़ी खेप बरामद

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 02:50 PM (IST)

फरीदकोट (राजन): पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी-2 फरीदकोट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कार से 1 किलो 20 ग्राम हेरोइन बरामद की है। हालांकि कार में सवार तीनों तस्कर पुलिस को देखते ही वाहन सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

थाना सिटी-2 के प्रभारी सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम फिरोजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर ने सूचना दी कि बलबीर बस्ती निवासी करण शर्मा अपने दो अज्ञात साथियों के साथ कार में भारी मात्रा में हेरोइन लेकर शहर में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर संबंधित कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार तीनों आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें से 1 किलो 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

तलाशी के दौरान कार से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 20 पारदर्शी प्लास्टिक के लिफाफे, एक आईफोन, एक पर्स, जिसमें 500 रुपये नकद, एक आधार कार्ड तथा कार से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए। पुलिस ने हेरोइन, कार और अन्य सामान को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि बरामद हेरोइन की मात्रा व्यावसायिक (कमर्शियल) श्रेणी में आती है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किस नशा तस्कर गिरोह से जुड़े हैं, हेरोइन की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। डीएसपी ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News