तलवाड़ा-हिमाचल मार्ग पर गिरा सफेदे का बड़ा पेड़, बिजली गुल... लोग परेशान

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 06:39 PM (IST)

हाजीपुर (जोशी): तलवाड़ा से हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाली काली माता मंदिर सड़क पर आज दिन-दहाड़े एक बहुत बड़ा सफेदे का पेड़ अचानक सड़क के बीचों-बीच गिर गया। इस हादसे के कारण जहां बिजली विभाग का भारी नुकसान हुआ है, वहीं मुख्य मार्ग पर जाम लगने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 

PunjabKesari

इस घटना को लेकर नगर कौंसिल तलवाड़ा के अध्यक्ष आशु अरोड़ा ने बी.बी.एम.बी. प्रशासन पर सीधे तौर पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी उम्र पूरी कर चुके इन खतरनाक सफेदे के पेड़ों को कटवाने के लिए कई बार बी.बी.एम.बी. प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से कह चुके हैं, लेकिन प्रशासन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। अध्यक्ष आशु अरोड़ा ने बताया कि स्थिति इतनी भयानक है कि जब भी इलाके में आंधी या तूफान आता है, तो सड़क किनारे रहने वाले लोग डर के मारे अपने घरों को ताले लगाकर रिश्तेदारों के घर चले जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन खतरनाक पेड़ों का तुरंत कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वह तीखा संघर्ष शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।

पेड़ गिरने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोग घंटों जाम में फंसे रहे। इसके अलावा, बिजली की तारें टूटने के कारण पूरे तलवाड़ा शहर की बिजली आपूर्ति सारा दिन ठप रही। भीषण गर्मी में बिजली न होने के कारण लोग बेहाल हो गए। खबर लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। जब इस संबंध में बी.बी.एम.बी. प्रशासन के उच्च अधिकारियों से बातचीत की गई, तो उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि सफेदे के पेड़ों को कटवाने में कुछ तकनीकी और सरकारी अड़चनें आ रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इन प्रक्रियाओं को पूरा करके उम्र पूरी कर चुके खतरनाक पेड़ों को कटवा दिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News